Newshaat_Logo

एक्साइज विभाग भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी! पुलिस ने मारी रेड, 100 से ज्यादा लोग हिरासत में, साजिश नाकाम

 
एक्साइज विभाग भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी! पुलिस ने मारी रेड, 100 से ज्यादा लोग हिरासत में, साजिश नाकाम
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में एक्साइज विभाग भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका के बीच पुलिस ने एक्शन लिया. रांची के एक स्कूल में रेड मारकर 100 से ज्यादा लोगों को डिटेन किया गया है. पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि कुछ लोग बड़ी संख्या में कैंडिडेट को इकट्ठा कर एग्जाम को प्रभावित करने वाले हैं. उससे पहले ही पुलिस ने साजिश नाकाम कर दी.

रविवार सुबह पुलिस ने तमाड़ थाना इलाके के रंगामाटी स्थित एक स्कूलनुमा भवन में छापेमारी कर 100 से ज्यादा लोगों को डिटेन किया है. इस कार्रवाई के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं और संभावित फर्जीवाड़े की जांच तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रंगामाटी इलाके में कुछ लोग बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को इकट्ठा कर परीक्षा को प्रभावित करने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में एक्साइज विभाग भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी मिले.

पुलिस ने न केवल अभ्यर्थियों को, बल्कि उन लोगों को भी डिटेन किया है जो इन अभ्यर्थियों को वहां तक लेकर पहुंचे थे. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज कुछ चुनिंदा लोगों के पास जमा कराए गए थे. यह पहलू पूरे मामले को और संदिग्ध बना रहा है. छापेमारी के दौरान बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और उनकी जांच की जा रही है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह कोई संगठित गिरोह है, जो परीक्षा में धांधली कराने की साजिश रच रहा था. तमाड़ थाना पुलिस के अनुसार, फिलहाल सभी डिटेन किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता पर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सकेगा.

मालूम हो कि, झारखंड में उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन 12 अप्रैल रविवार को किया गया. परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की और राज्य के आठ जिला मुख्यालयों में कुल 370 केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर फिजिकल परीक्षा में पास होने वाले लगभग 1,48,224 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे.