झारखंड में पंचायत चुनाव पर सस्पेंस खत्म? मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा- समय पर चुनाव, ओबीसी आरक्षण लागू
Ranchi: झारखंड में अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होगी. इसके साथ ही दावा किया है कि पंचायत चुनाव में ओबीसी को 27% आरक्षण मिलेगा.
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विभाग पूरी सक्रियता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटा है और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का अहम माध्यम हैं, इसलिए इसकी समयबद्धता सरकार की प्राथमिकता है.
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है, जिस पर सकारात्मक संकेत मिले हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव 27% ओबीसी आरक्षण के साथ ही कराए जाएंगे.
प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ओबीसी आयोग और राज्य चुनाव आयोग से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि चुनाव में किसी तरह की बाधा न आए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पंचायत चुनाव समय पर और सुचारु रूप से संपन्न हो.







