Newshaat_Logo

JAMSHEDPUR MGM HOSPITAL: अस्पताल में शव की आंखों से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों का भारी हंगामा!

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक के शव की दोनों आंखों से छेड़छाड़ किये जाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा किया. मृतक सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया का रहने वाला था. परिजनों का आरोप है कि शवगृह में रखे जाने के दौरान शव के साथ छेड़छाड़ हुई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति शांत करायी. वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पोस्टमार्टम के बाद सच्चाई सामने आयेगी.
 
JAMSHEDPUR

Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल के शवगृह में रखे 18 वर्षीय युवक के शव की दोनों आंखों से छेड़छाड़ किये जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है। शव लेने पहुंचे परिजनों ने उसकी हालत देखकर अस्पताल परिसर में हंगामा किया और प्रबंधन से जवाब मांगा। हालांकि, अस्पताल अधीक्षक ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

MGM Hospital, Jamshedpur

शव लेने पहुंचे परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक की बुधवार को कथित आत्महत्या के बाद मौत हो गयी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल के शवगृह में रखा गया था। गुरुवार को जब परिजन शव लेने पहुंचे, तो उन्होंने आरोप लगाया कि शव की दोनों आंखों के साथ छेड़छाड़ की गयी है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

शवगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद अस्पताल के शवगृह में रखे शवों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं। परिजनों ने पूछा कि अस्पताल की देखरेख में रखे शव के साथ इस तरह की घटना कैसे हुई? आखिर शवगृह में सुरक्षा और निगरानी के क्या इंतजाम हैं?

पुलिस ने संभाला मामला, शिकायत का इंतजार

हंगामे की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति शांत करायी। थाना पदाधिकारी हिसामुद्दीन खान के अनुसार, परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

अस्पताल अधीक्षक बोले- पोस्टमार्टम के बाद सामने आयेगा सच

वहीं, एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जायेगी।

फिलहाल, शव की आंखों से छेड़छाड़ किये जाने के आरोपों की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।