Newshaat_Logo

झारखंड के पलामू में भीषण मुठभेड़, 2 जवान शहीद, 1 घायल

 
Encounter between security forces and naxalites in Palamu District of Jharkhand

Jharkhand Desk: झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार तड़के सुरक्षा बलों और नक्सली संगठन TSPC के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. जिसमें दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए और एक जवान (रोहित कुमार) घायल हो गए. यह मुठभेड़ मनातू थाना क्षेत्र के केदल इलाके में हुई है. घायल जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है और इलाके में सर्च अभियान जारी है. घटना देर रात करीब 12:30 बजे की बतायी जा रही है. वहीं इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के मारे जाने और घायल होने की भी सूचना है, लेकिन फिलहाल किसी का शव बरामद नहीं हुआ है. 

Palamu

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि मनातू की केदल जंगल में नक्सली जमे हुए हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया. पुलिस के पहुंचते ही TSPC के नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी अपनी ओर से फायरिंग शुरू की. दरअसल, पलामू पुलिस ने टीएसपीसी के 10 लाख इनामी कमांडर शशिकांत गंझू के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया था. सर्च अभियान के दौरान पुलिस मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव पहुंची थी. जहां 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत गंजू का घर भी है. इसी बीच पुलिस जवान और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में तीन पुलिस जवानों को गोली लग गई. जिसके बाद सभी को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने दो जवानों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Rishma Rameshan


मुठभेड़ को लेकर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि टीएसपीसी के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया गया था. इसी सर्च अभियान में टीएसपीसी नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दो जवान शहीद हुए हैं और एक जख्मी है. शहीद जवान संतन कुमार मेहता हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोवा बरेवा और सुनील राम हैदर नगर थाना क्षेत्र के परता गांव के रहने थे. जबकि जख्मी रोहित कुमार रेहला थाना क्षेत्र के लालगढ़ के इलाके के रहने वाले हैं.

Encounter

बता दें कि सर्च ऑपरेशन के दौरान शशिकांत गंझू के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर यह मुठभेड़ हुई है. टीएसपीसी के नक्सलियों ने अचानक जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू एसपी रीष्मा रमेशन समेत टॉप अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. साथ ही डीआईजी नौशाद आलम भी मौके पर मौजूद हैं. टीएसपीसी का टॉप कमांडर शशिकांत गंझू पर झारखंड सरकार ने 10 लाख का इनाम घोषित किया है. जिस इलाके में यह मुठभेड़ हुई है, वह उसका गढ़ माना जाता है. इसी इलाके से शशिकांत पलामू और चतरा के इलाके में अपनी गतिविधि का संचालन करता है.

Shashikant Ganjhu