Newshaat_Logo

झारखंड-ओडिशा को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी, चाकुलिया-बुरामारा रेल लाइन पर तेज हुआ काम; बनेंगे 6 नए स्टेशन

 
झारखंड-ओडिशा को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी, चाकुलिया-बुरामारा रेल लाइन पर तेज हुआ काम; बनेंगे 6 नए स्टेशन

 

 

Jharkhand News: दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की महत्वाकांक्षी चाकुलिया-बुरामारा नई रेल लाइन परियोजना अब रफ्तार पकड़ रही है। करीब 60 किलोमीटर लंबे इस रेलमार्ग के निर्माण के साथ झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत छह नए रेलवे स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जिससे लाखों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नई रेल लाइन के निर्माण से पहले बुरामारा यार्ड के विस्तार का काम किया जाएगा। इसके तहत दो रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) और चार रेलवे क्वार्टर बनाए जाएंगे। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है।

इन छह नए स्टेशनों का होगा निर्माण

नई रेल लाइन पर झारपोखरिया, न्यू जामशोला, बरोल, भादागोड़ा, लूलगापानी और चकवाल स्टेशन प्रस्तावित हैं। इन स्टेशनों के बनने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को सीधे रेल सुविधा मिलेगी और उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए दूर-दराज के स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा।

शिक्षा, रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

इस रेल परियोजना से पूर्वी सिंहभूम और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही रेलवे को लौह अयस्क, कृषि उत्पाद, खनिज और औद्योगिक सामान की ढुलाई के लिए एक नया वैकल्पिक कॉरिडोर भी मिलेगा, जिससे माल परिवहन और अधिक सुगम होगा।

1600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत

चाकुलिया-बुरामारा नई रेल लाइन परियोजना पर 1,600 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इस दौरान 75 से ज्यादा छोटे-बड़े पुल और पुलियों का निर्माण किया जाएगा। रेलवे, जिला प्रशासन के सहयोग से भूमि अधिग्रहण और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा कर रहा है।

गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चाकुलिया-बुरामारा रेल लाइन के साथ बादामपहाड़-क्योंझर (82 किमी) और गुरुमाहिसानी-बांगडीपोसी (85 किमी) नई रेल परियोजनाओं का शिलान्यास किया था।

सिदिरसाई स्टेशन का भी होगा कायाकल्प

इधर, टाटानगर-बादामपहाड़ रेलमार्ग पर स्थित सिदिरसाई स्टेशन के विकास कार्य भी शुरू होने जा रहे हैं। शनिवार को प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने समेत विभिन्न यात्री सुविधाओं के विस्तार का भूमिपूजन होगा। सांसद विद्युत वरण महतो के अनुसार, इस परियोजना के लिए रेलवे ने 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। कार्यक्रम में चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

दक्षिण पूर्व रेलवे को मिला नया एजीएम

दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव हुआ है। मनीष जैन ने शुक्रवार को उप महाप्रबंधक (एजीएम) का पदभार संभाल लिया। पूर्व एजीएम सौमित्र मजूमदार के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद खाली था। अब मनीष जैन रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।