झारखंड विधानसभा चुनाव: आजसू पार्टी ने जारी की पहली उम्मीदवार सूची, सुदेश महतो सिल्ली से लड़ेंगे चुनाव
Oct 21, 2024, 10:54 IST
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए आजसू पार्टी ने अपनी पहली सूची जारी करते हुए आठ उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो एक बार फिर सिल्ली विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। रामगढ़ से सुनीता चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। यह सूची पार्टी के केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता के हस्ताक्षर से जारी की गई है।
इन प्रमुख उम्मीदवारों को मिला टिकट
आजसू पार्टी द्वारा जारी सूची में प्रमुख उम्मीदवारों के नामों की पुष्टि की गई है। सिल्ली से सुदेश कुमार महतो के अलावा रामगढ़ से सुनीता चौधरी, लोहरदगा से नीरू शांति भगत, गोमिया से लंबोदर महतो, जुगसलाई से रामचंद्र सहिस, मांडू से निर्मल महतो, ईचागढ़ से हरेलाल महतो और पाकुड़ से अजहर इस्लाम को टिकट दिया गया है।
एनडीए में आजसू के हिस्से में आईं 10 सीटें
एनडीए गठबंधन में आजसू पार्टी को कुल 10 सीटें मिली हैं, जिनमें से आठ सीटों पर उम्मीदवारों का चयन हो चुका है। बीजेपी को 68 सीटें मिली हैं, जबकि जदयू को दो और लोजपा (आर) को चतरा सीट दी गई है। बाकी दो सीटों पर आजसू जल्द ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।
गौरतलब है कि झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 13 नवंबर को और दूसरा चरण 20 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी।







