JHARKHAND ASSEMBLY: खनिज बिल पर हेमंत सरकार का बड़ा फैसला, SIR पर भी केंद्र को घेरा
Jharkhand Assembly Special Session: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में खनिज विधेयक और SIR को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक जंग देखने को मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर राज्यों के संवैधानिक अधिकार कमजोर करने का आरोप लगाया। वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामी का ठीकरा केंद्र पर फोड़ रही है।
गुरुवार को विपक्ष के बहिष्कार के बीच विधानसभा में एमएमडीआर एक्ट-2026 के खिलाफ राज्य सरकार का संकल्प ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों से कोई समझौता नहीं होगा। सरकार इस विधेयक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है और इसके लिए विधि विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है।
खनिज विधेयक से राज्यों के अधिकार प्रभावित होने का आरोप
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खनिज संपदा के दोहन का सबसे ज्यादा प्रभाव संबंधित राज्यों और वहां रहने वाले लोगों पर पड़ता है। ऐसे में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य को पर्याप्त क्षतिपूर्ति मिलनी चाहिए। इस राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के विकास में किया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2000 से 2025-26 के बीच झारखंड में खनिज उत्पादन में 35 प्रतिशत और खनिज राजस्व में 286 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2020 में 4,888 करोड़ रुपये का खनिज राजस्व बढ़कर 2025-26 में 18,844 करोड़ रुपये हो गया।
केंद्र पर 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया रखने का आरोप
हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर झारखंड के 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राशि मिलने में देरी से पेंशन, आवास और ग्रामीण सड़क जैसी विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
SIR के दो लाख फॉर्म-7 की जांच की मांग
विधानसभा में SIR का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संवैधानिक प्रक्रिया के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे लागू करने का तरीका पारदर्शी और स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि राज्य में करीब दो लाख फॉर्म-7 डिजिटाइज किये जा चुके हैं। गढ़वा, गोड्डा, गिरिडीह और चतरा समेत कई जिलों से इनके दुरुपयोग की शिकायतें मिली हैं। मुख्यमंत्री ने सभी फॉर्म की समुचित जांच कराने की मांग की।
63 लाख नागरिकों पर 315 करोड़ रुपये के बोझ का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR के तहत नोटिस पाने वाले करीब 63 लाख नागरिकों को यदि दस्तावेज जुटाने, यात्रा और मजदूरी के नुकसान के रूप में औसतन 500 रुपये भी खर्च करने पड़ें, तो कुल आर्थिक बोझ लगभग 315 करोड़ रुपये होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को इस प्रक्रिया के कारण अपने लोकतांत्रिक और राजनीतिक अधिकारों से वंचित नहीं होना चाहिए।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार के संकल्प का विरोध करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहरा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों की खनिज राजस्व हिस्सेदारी 60.24 प्रतिशत से बढ़कर 88.53 प्रतिशत हुई है।
मरांडी ने यह भी कहा कि झारखंड की 49 लौह अयस्क खदानों में से केवल छह ही चालू हैं। उन्होंने राज्य सरकार के हर साल 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान के दावे पर भी सवाल उठाये।
क्या है फॉर्म-7?
फॉर्म-7 का इस्तेमाल मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम को हटाने या किसी नाम को शामिल करने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए किया जाता है। मृत्यु, स्थायी रूप से स्थानांतरण, एक से अधिक जगह नाम दर्ज होने और अन्य निर्धारित कारणों के आधार पर इसके जरिए आवेदन किया जा सकता है।







