झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने हजारीबाग में रामनवमी रूट का किया निरीक्षण, दिए कई जरूरी निर्देश...
Hazaribagh: रामनवमी में सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई चूक ना हो, इसे लेकर फूल प्रूफ योजना तैयार की जा रही है. झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रामनवमी जुलूस मार्ग का रूट वेरिफिकेशन किया है. यह पहली बार है कि किसी डीजीपी ने हजारीबाग पहुंचकर रामनवमी रूट का वेरिफिकेशन किया हो. रूट वेरिफिकेशन के दौरान जिले भर के सभी पदाधिकारी सड़क पर रहे. झंडा चौक पर डीजीपी ने सड़क पर उतरकर रूट की जानकारी प्राप्त की. वहीं बड़ा अखाड़ा में उन्होंने पुलिस पदाधिकारी के साथ वार्ता किया. इस दौरान बोकारो रेंज के आईजी सुनील भास्कर, हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन, उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे.
डीजीपी ने सड़क पर ही कई अहम निर्देश पुलिस पदाधिकारी को दिए और स्पष्ट किया कि सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. आम जनता उत्सव उमंग के साथ मनाएं. कानून तोड़ने की इजाजत नहीं है. उन्होंने कहा कि जिस रास्ते से जुलूस गुजरेगी उसका निरीक्षण किया गया है और कई अहम निर्देश भी दिए गए हैं.
रूट वेरिफिकेशन के पहले डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्च स्तरीय बैठक की. जिसमें जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे. इस दौरान डीजीपी ने सुरक्षा को लेकर किए जा रहे इंतजामों के बारे में हजारीबाग एसपी से जानकारी ली. साथ ही साथ इस दौरान कई अहम निर्देश भी निर्गत किए गए.
रामनवमी रूट का महत्वपूर्ण अंग जामा मस्जिद रोड होता है. इस रूट पर भी डीजीपी पूरे पुलिस पदाधिकारियों के साथ सड़कों पर पैदल उतरीं. इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. प्रशासन को जामा मस्जिद रोड से रामनवमी जुलूस पास कराना सबसे बड़ी चुनौती होती है. यहां सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया जाता है. डीजीपी ने इस दौरान जामा मस्जिद रोड में सुरक्षा को लेकर कुछ अन्य निर्देश भी निर्गत किए हैं.
हजारीबाग में पहली बार सुरक्षा को लेकर ऐसी व्यवस्था देखने को मिल रही है. जिले के वरीय पदाधिकारी के साथ पुलिस मुख्यालय से पहुंचे पदाधिकारी की बैठकें पहले भी हो चुकी हैं. रामनवमी के पहले ही तीन से चार बार फ्लैग मार्च हो चुका है. वहीं दो स्थानों पर मॉक ड्रिल भी किया गया है. रामनवमी के ठीक पहले डीजीपी का पहुंचना, कई मायने में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है.







