झारखंड सरकार के कर्मचारियों को झटका, समय पर नहीं मिला वेतन, प्रशासनिक सिस्टम पर उठे सवाल...
Ranchi: झारखंड सरकार के लाखों कर्मी इन दिनों परेशान हैं. इनकी परेशानी की बड़ी वजह वेतन नहीं मिलना है. नये वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत में ही वेतन मिलने में हो रही देरी से झारखंड सरकार के कर्मचारी बेहद परेशानी में हैं. दरअसल, मार्च महीने का वेतन अब तक नहीं मिलने के पीछे की बड़ी वजह असम सहित पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में झारखंड के विभिन्न विभागों के आला अधिकारी की व्यस्तता के कारण आवंटन नहीं मिलना है.
![]()
जानकारी के मुताबिक, सचिव स्तर के पदाधिकारी के चुनाव ड्यूटी से वापस लौटने के बाद आवंटन मिलने की संभावना है. जाहिर तौर पर इन्हें कुछ दिन और प्रतिक्षा करनी होगी. इसके अलावे दूसरी वजह यह है कि नये वित्तीय वर्ष में विभागों को वित्त विभाग द्वारा अब तक आवंटन नहीं मिलना है. हालांकि, राज्य सरकार के कुछ विभाग खासकर वित्त विभाग, कार्मिक, लोकभवन सचिवालय जैसे सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को मार्च महीने का वेतन मिल गया है.
वेतन भुगतान में हो रही देरी पर सरकारी गलियारों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है. इन सबके बीच वेतन को लेकर कर्मचारियों की परेशानी बढ़ी हुई है. इधर, वेतन मिलने में हो रही देरी पर झारखंड राज्य कर्मचारी महासंघ ने एतराज जताते हुए सरकार से अविलंब वेतन भुगतान की मांग की है.
कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा कहते हैं कि वेतन मिलने में हो रही देरी के पीछे की वजह पांच राज्यों के चुनाव में झारखंड के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति है. इसके अलावे केन्द्र से मिलने वाले राज्यांश में हो रही देरी है. उन्होंने कहा कि नये वित्तीय वर्ष की शुरुआत में आवंटन को लेकर वेतन मिलने में देरी होती रही है. इस बार पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अधिकारियों की व्यस्तता भी बड़ी वजह बन गई है.







