Jharkhand Holiday List 2027: सरकारी कर्मचारियों को 41 छुट्टियां! होली, छठ, दिवाली की पूरी लिस्ट
Ranchi: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए नए साल 2027 की छुट्टियों को लेकर बड़ी खबर है। राज्य कैबिनेट ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश की सूची को मंजूरी दे दी है। इसके तहत पूरे साल में कुल 41 सार्वजनिक छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। इनमें एनआई एक्ट के तहत 23 राजपत्रित अवकाश और कार्यपालक आदेश के तहत 18 छुट्टियां शामिल हैं। इसके अलावा कर्मचारियों को प्रत्येक रविवार साप्ताहिक अवकाश भी मिलेगा।
एनआई एक्ट के तहत 23 राजपत्रित छुट्टियां
वर्ष 2027 के लिए एनआई एक्ट के अंतर्गत 23 राजपत्रित अवकाश निर्धारित किए गए हैं। इनमें गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, होली, गुड फ्राइडे, सरहुल, रामनवमी, ईद-उल-जुहा, मुहर्रम, जन्माष्टमी, करमा पूजा, महात्मा गांधी जयंती, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और क्रिसमस जैसे प्रमुख त्योहार शामिल हैं।
राजपत्रित अवकाश की शुरुआत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से होगी। वहीं, साल का आखिरी राजपत्रित अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर रहेगा।
मार्च और अप्रैल में कई छुट्टियां
साल 2027 में मार्च और अप्रैल के दौरान कई प्रमुख त्योहारों पर छुट्टियां रहेंगी। 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 मार्च को होलिका दहन और 23 मार्च को होली की छुट्टी निर्धारित की गई है।
इसके बाद 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 9 अप्रैल को सरहुल, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती का अवकाश रहेगा।
अक्टूबर-नवंबर में दुर्गापूजा, दिवाली और छठ की छुट्टी
अक्टूबर और नवंबर में भी कई प्रमुख त्योहारों पर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 7 अक्टूबर को महाअष्टमी, 8 अक्टूबर को महानवमी और 9 अक्टूबर को विजयादशमी की छुट्टी रहेगी।
वहीं, 29 अक्टूबर को दीपावली का अवकाश निर्धारित किया गया है। छठ महापर्व के अवसर पर 4 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 5 नवंबर को प्रातः अर्घ्य की छुट्टी रहेगी।
रविवार को पड़ने वाले त्योहारों पर अलग अवकाश नहीं
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो त्योहार रविवार को पड़ेंगे, उनके लिए अलग से सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया जाएगा। वर्ष 2027 में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को पड़ रहा है। वहीं, मिलाद-उन-नबी और गुरु नानक जयंती 14 नवंबर को रविवार के दिन हैं।
हालांकि, ऐसे प्रतिष्ठानों में जहां रविवार सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां इन अवसरों पर अवकाश रहेगा।
41 सार्वजनिक छुट्टियों के अलावा रविवार की साप्ताहिक छुट्टी
राज्य सरकार ने वर्ष 2027 के लिए कुल 41 सार्वजनिक अवकाश निर्धारित किए हैं। इनमें 23 एनआई एक्ट के तहत और 18 कार्यपालक आदेश के तहत छुट्टियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सरकारी कर्मचारियों को प्रत्येक रविवार साप्ताहिक अवकाश भी मिलेगा।
इस तरह झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2027 का अवकाश कैलेंडर तय हो गया है।







