झारखंड में लोकतंत्र का महापर्व आज: 9 नगर निगम समेत 48 निकायों के लिए मतदान, 43 लाख से ज्यादा वोटर करेंगे फैसला
मैदान में हजारों प्रत्याशी
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वहीं 1087 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए 5562 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। कुल 43,43,295 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर सरकार की तस्वीर तय करेंगे।
4307 मतदान केंद्र, कड़ी सुरक्षा
पूरे राज्य में 2134 भवनों में 4307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 963 सामान्य, 2445 संवेदनशील और 896 अतिसंवेदनशील केंद्र चिन्हित किए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बैलेट पेपर से होगा चुनाव
इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर, जबकि वार्ड पार्षद और पंचायत सदस्य के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर दिया जाएगा। मतदाता संबंधित प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न के सामने मुहर लगाकर अपना वोट डालेंगे।
झारखंड में आज का दिन लोकतंत्र के लिए अहम है। शहरी विकास, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय प्रशासन की दिशा तय करने के लिए लाखों मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जनता किसे अपनी नगर सरकार की कमान सौंपती है।







