Jharkhand News: झारखंड में मजबूत होगी जमीनी स्वास्थ्य व्यवस्था, हर ब्लॉक में बनेगी ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट
Jharkhand News: झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की तैयारी में जुट गई है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि जल्द ही पूरे राज्य में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) की स्थापना की जाएगी। इससे गांव और दूरदराज के इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह यूनिट प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन और 15वें वित्त आयोग से मिले अनुदान से बनाई जाएगी। इस योजना पर करीब 203 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राज्य के कुल 245 ब्लॉकों में बीपीएचयू का निर्माण किया जाएगा।
इरफान अंसारी ने बुधवार रात जारी बयान में कहा कि यह कदम झारखंड की हेल्थकेयर व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बहुत अहम साबित होगा। खास तौर पर आदिवासी, पिछड़े और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बीपीएचयू ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य निगरानी, योजना बनाने, आपात स्थिति की तैयारी और बेहतर समन्वय के लिए काम करेंगे। इन यूनिटों के जरिए समय पर जांच, सही आंकड़े जुटाना और तेजी से इलाज की व्यवस्था की जाएगी। इससे किसी भी बीमारी या महामारी को फैलने से पहले ही नियंत्रित किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर ब्लॉक तक अच्छी, सस्ती और समय पर स्वास्थ्य सेवा पहुंचे। राज्य की हेल्थकेयर व्यवस्था को आधुनिक, संवेदनशील और लोगों की जरूरत के अनुसार बनाया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से आने वाले समय में झारखंड के गांवों और कस्बों में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।







