Jharkhand News: रांची में प्रशासन सख्त: 24 घंटे में पार्किंग दुरुस्त नहीं तो सील होंगे भवन, ऑटो चालकों से अवैध वसूली पर FIR तय
नगर निगम की ओर से केबल ऑपरेटरों को भी अंतिम चेतावनी दी गई है कि बिजली के खंभों पर लगाए गए तारों को अविलंब हटाया जाए। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर स्थित भवनों की होल्डिंग, नक्शा और ट्रेड लाइसेंस की सघन जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों और संस्थान संचालकों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई तय मानी जा रही है।
10 प्रमुख सड़कों पर उतरी सड़क प्रबंधन टीम
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए रांची की 10 चिन्हित प्रमुख सड़कों पर सड़क प्रबंधन टीम का प्रयास अब जमीन पर दिखने लगा है। इन सड़कों पर सफाई, अतिक्रमण हटाओ अभियान और यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने का निर्देश
नगर प्रशासक ने स्पष्ट किया कि राहगीरों के लिए फुटपाथ पूरी तरह खाली कराए जाएं। सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त रहेंगे, यह सुनिश्चित करना संबंधित टीमों की जिम्मेदारी होगी।
सार्वजनिक सुविधाओं की बहाली पर विशेष जोर
प्रशासन ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों, मॉड्यूलर टॉयलेट और यूरिनल की नियमित सफाई के साथ उन्हें आमजन के उपयोग योग्य बनाए रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सभी स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने और रोड मार्किंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
ऑटो चालकों से अवैध वसूली पर सख्ती
ऑटो चालकों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में केस दर्ज किया जाएगा। ऑटो चालकों से अपील की गई है कि वे अवैध वसूली करने वाले गिरोहों की जानकारी निगम के टोल-फ्री नंबर या ट्रैफिक पुलिस को दें। निगम की टीमें लगातार ऐसे स्थानों पर निगरानी रखेंगी। शनिवार को इस संबंध में संयुक्त जांच अभियान भी चलाया गया।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
नगर निगम सभागार में प्रशासक की अध्यक्षता में डीआरएमटी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, कार्यपालक अभियंता और डीआरएमटी की टीम शामिल रही।
स्पष्ट संदेश दिया गया है अब लापरवाही, अतिक्रमण और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन नहीं हुआ तो सीधे कार्रवाई होगी।







