Movie prime

झारखंड पुलिस की 2024 की शानदार उपलब्धियां: नक्सल, साइबर अपराध और मादक पदार्थों पर बड़ी सफलता

झारखंड पुलिस ने साल 2024 में नक्सल अभियान, साइबर अपराध, मादक पदार्थों, संगठित अपराध और पुलिस कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। मंगलवार, 31 दिसंबर को जारी रिपोर्ट में पुलिस ने इन उपलब्धियों को साझा करते हुए राज्य को अपराध और उग्रवाद से मुक्त कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, सभी झारखंडवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गईं।

नक्सल अभियान: गिरफ्तारी, आत्मसमर्पण और हथियार बरामदगी
पुलिस ने 2024 में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 244 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, जिनमें कई बड़े नक्सली कमांडर शामिल थे। 24 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जबकि 9 मुठभेड़ों में मारे गए। इस दौरान 123 हथियार, 5234 गोलियां और 246.40 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किए गए।

साइबर अपराध पर कड़ी कार्रवाई
साल 2024 में झारखंड पुलिस ने साइबर अपराध के कुल 1295 मामले दर्ज किए। 971 अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ 8.18 करोड़ रुपये जब्त किए गए। "प्रतिबिंब एप" के प्रभावी उपयोग से 274 मामलों का समाधान हुआ और 77 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए।

मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान
मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने 1407.1 किलोग्राम अफीम, 4251.2 किलोग्राम गांजा और 1.82 करोड़ रुपये की राशि जब्त की। अवैध अफीम की खेती के तहत 3975 एकड़ भूमि पर कार्रवाई की गई।

संगठित अपराध और आतंकवाद पर प्रहार
2024 में पुलिस ने संगठित अपराध और आतंकवाद से जुड़े 97 मामलों में 154 अपराधियों को गिरफ्तार किया। एटीएस ने अलकायदा से जुड़े 4 आतंकियों को पकड़ा और 1.22 करोड़ रुपये नकद व 15 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए।

पुलिस कल्याण और पदोन्नति
पुलिस विभाग ने 132 अवर निरीक्षकों, 1203 सहायक अवर निरीक्षकों और 2713 आरक्षियों को पदोन्नति दी। पुलिस कल्याण कोष से 1232 लाभार्थियों को 3.89 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

राष्ट्रीय खेल और चुनाव में उत्कृष्ट प्रदर्शन
झारखंड पुलिस के जवानों ने बैडमिंटन और योगासन खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते। साथ ही, लोकसभा और विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।