Newshaat_Logo

मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए निकले झारखंड आंदोलनकारी, मोरहाबादी मैदान में पुलिस ने रोका, सुरक्षा व्यवस्था रही हाई अलर्ट पर

Ranchi: प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है. मोहराबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक आने वाले प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
 
JHARKHAND

Ranchi: विभिन्न झारखंडी संगठनों और आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास घेराव का आह्वान किया. बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मोरहाबादी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने निकले, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें मोरहाबादी क्षेत्र में ही रोक दिया. इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

ACTIVISTS IN RANCHI TOOK TO STREETS

आंदोलनकारियों ने सरकार के समक्ष स्थानीय नीति, नियोजन, विस्थापन और अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए अपनी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया. 

प्रदर्शनकारियों ने अपनी पहचान, सम्मान, पेंशन और अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास की ओर कूच करने का प्रयास किया.

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है. मोहराबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक आने वाले प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है.

बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मोहराबादी क्षेत्र में ही रोक दिया, जहां वे अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे. मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं.

स्थिति नियंत्रण में है

सुरक्षा व्यवस्था के तहत रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, एसआईआरबी और अन्य बलों की कई टुकड़ियां तैनात की गई हैं. साथ ही फायर ब्रिगेड, विशेष वाहन, पानी के टैंकर और आंसू गैस दस्ता भी तैयार रखा गया है. प्रशासन की प्राथमिकता प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने की है. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.