Newshaat_Logo

भीषण गर्मी से झारखंड बेहाल: डाल्टनगंज का तापमान 45 डिग्री के पार, मौसम विभाग ने राहत के आसार जताए

Jharkhand Weather Update: झारखंड में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है. सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में पड़ी, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. तेज धूप और लू के कारण दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.
 
JHARKHAND

Jharkhand Weather Update: झारखंड के कई इलाकों में आसमान से आग बरस रही है. झुलसा देने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं. रांची स्थित मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, हीट वेव का सबसे ज्यादा असर पलामू, गढ़वा और चतरा में देखने को मिल रहा है. 22 मई को गढ़वा, पलामू और चतरा में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. 23 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसांवा में भी हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है.

पिछले 24 घंटे के दौरान इन इलाकों में तेज गर्मी और लू जैसे हालात देखने को मिले हैं. सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

SCORCHING HEAT IN JHARKHAND

इन  इलाकों में पारा पहुंचा 40 डिग्री के पार

मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला और बोकारो समेत कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया गया. दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहा. पिछले 24 घंटे में डाल्टनगंज में 45.2 डिग्री, जमशेदपुर में 43.1 डिग्री, सरायकेला में 42.3 डिग्री, चाईबासा में 41.8 डिग्री, जगन्नाथपुर में 41.7 डिग्री, बोकारो थर्मल में 41.1 डिग्री, कोडरमा में 40.7 डिग्री और गुमला में 40.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इन इलाकों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया.

मौसम केंद्र के आंकड़े बताते हैं कि कई शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया. जमशेदपुर में तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक, डाल्टनगंज में 4.4 डिग्री ज्यादा, चाईबासा में 3 डिग्री ऊपर, रांची में 2.1 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया. वही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है. जमशेदपुर के रात का तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक रहा जबकि रांची में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया.

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. हालांकि यहां पारा 40 डिग्री से नीचे रहा, लेकिन उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को तेज गर्मी का एहसास हुआ. रांची के कांके में तापमान 40.6 डिग्री तक पहुंच गया.

हीट वेव से बचाव के उपाए

मौसम केंद्र ने हीट से बचाव के उपाए बताए हैं. खासकर 11 बजे से 3 बजे के बीच धूम में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. प्यास ना भी लगे, तब भी थोड़े थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें. सूती कपड़े पहनकर घर से बाहर निकलें. टोपी और छाते का इस्तेमाल करें. सिर, गर्दन और चेहरे को नम कपड़ों से ढंक कर ही घर से बाहर निकलें. उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचे. बासी भोजन ना करें.

इन इलाकों में राहत की उम्मीद

मौसम केंद्र के मुताबिक 22 मई को उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भाग में हजारीबाग, कोडरमा और लोहरदगा को छोड़कर शेष भागों में कहीं कहीं मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है.

23 मई को मौसम की मेहरबानी देखने को मिल सकती है. इस दिन उत्तर-पूर्व में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज और निकटवर्ती मध्य में बोकारो और धनबाद में गर्जन, तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश का अनुमान है लेकिन इस दिन भी पलामू, गढ़वा और चतरा में हीट वेव चलने का अनुमान है.

24 मई को भी उत्तर-पूर्व के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग के बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ में कहीं कहीं तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई गयी है. खास बात है कि इस दिन भी पलामू प्रमंडल के ज्यादातर इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना है.