झारखंड में पारा शिक्षकों को बड़ी राहत, 7,304 आरक्षित पदों पर नियुक्ति के लिए होगी विशेष परीक्षा; JSSC को भेजा गया प्रस्ताव
Ranchi: झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए सरकारी शिक्षक बनने का रास्ता जल्द खुल सकता है. राज्य सरकार ने पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित 7,304 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए विशेष भर्ती परीक्षा आयोजित कराने का प्रस्ताव झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेज दिया है. आयोग की मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी.
![]()
यह विशेष परीक्षा केवल उन पदों के लिए आयोजित की जाएगी, जो पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं. जानकारी के अनुसार, राज्य में सहायक आचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत 13 हजार पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं, जिनमें से करीब 7 हजार पद पहले ही भरे जा चुके हैं. अब शेष 7,304 पदों पर नियुक्ति के लिए अलग परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है.
सरकार का यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप माना जा रहा है. कोर्ट ने आरक्षित पदों पर योग्य पारा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विशेष प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद कार्मिक विभाग ने JSSC को अधियाचना भेजी है. आयोग की सहमति मिलने के बाद आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथि और अन्य दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे.
भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद JTET पास पात्र पारा शिक्षकों को सरकारी शिक्षक बनने का अवसर मिलेगा. परीक्षा से संबंधित विस्तृत अधिसूचना JSSC द्वारा जारी की जाएगी, जिसमें पात्रता, आवेदन की तिथि और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाएगी.







