Jharkhand Weather Report: झारखंड में ठंड का नया दौर शुरू: पश्चिमी विक्षोभ का असर, तापमान 4 डिग्री तक गिरेगा, 15 जिलों में कोहरा अलर्ट
Jharkhand Weather Report: झारखंड में ठंड एक बार फिर तीखा रूप लेने वाली है। पश्चिमी विक्षोभ और हिमालय में हुई ताजा बर्फबारी का असर आज से राज्य में दिखने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ होते ही तापमान में अचानक 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे आने वाले करीब एक सप्ताह तक सर्द और बर्फीली हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर करेंगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मैदानी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात और सुबह के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी, जबकि दिन में भी कनकनी बनी रह सकती है।
15 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को सुबह के समय घने कोहरे को लेकर 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे का असर पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में दृश्यता कम रहने की आशंका है।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान काफी नीचे दर्ज किया गया। कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, मैकलुस्कीगंज में 6.5 डिग्री और गुमला में 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को दिन में हल्के बादल छाए रहने से रात में थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले 24 घंटों में ठंड और बढ़ेगी।
कुहासे से यातायात प्रभावित
घने कुहासे का असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला। शनिवार सुबह रांची में कोहरे के कारण कोलकाता, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली चार उड़ानें एक से दो घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं कई ट्रेनें भी अपने तय समय से घंटों विलंब से रांची पहुंचीं।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने, यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने और ठंड से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।







