Newshaat_Logo

Jharkhand Weather Update: झारखंड में बढ़ेगी ठंड! बादल छंटते ही गिरेगा पारा, सुबह कुहासा-रात में कनकनी

झारखंड में बादलों की विदाई के बाद ठंड का असर बढ़ने वाला है. आसमान साफ होने के साथ ही राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है. सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कुहासा देखने को मिल सकता है, जबकि रात में ठंड अधिक सताएगी. दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. मौसम के इस बदलाव के साथ ही लोगों को सुबह और रात के समय विशेष रूप से ठंड का एहसास होगा.
 
JHARKHAND

Jharkhand Weather Update:  झारखंड में मौसम का मिजाज अब बदलने वाला है। नवंबर की शुरुआत बारिश, बादल और कुहासे के साथ होने के बाद अब राज्य में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और 5 नवंबर से अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस होने लगेगी।

Jharkhand Weather: बारिश थमेगी, ठंड जमेगी! बादलों की विदाई के साथ झारखंड  में बढ़ेगी ठिठुरन; कई जिलों में अलर्ट - jharkhand weather update rain to  stop cold to increase in ranchi ...

मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 नवंबर को राज्य के दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। राजधानी रांची में भी आंशिक बादल छाये रहने और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। हालांकि, 9 नवंबर तक किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

रांची में चार दिनों में 3-4 डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम में बदलाव का असर राजधानी रांची के तापमान पर भी दिखाई देने लगेगा। फिलहाल शहर का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

इसका मतलब है कि 6 नवंबर तक रांची का न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, अधिकतम तापमान में अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

जमशेदपुर और पलामू में भी दिख रहा गर्मी का असर

राज्य के अलग-अलग शहरों में तापमान की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 21.1 डिग्री रहा। वहीं, बोकारो में अधिकतम तापमान 30.1 और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह धुंध, दोपहर में निकलेगी धूप

5 नवंबर से झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय हल्के से मध्यम कुहासे की स्थिति बनी रह सकती है। 6 और 7 नवंबर को भी सुबह धुंध के बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। वहीं, 9 नवंबर को सुबह कुहासा छंटने के बाद कुछ इलाकों में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं।

कुल मिलाकर झारखंड में बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद अब मौसम धीरे-धीरे सर्दियों की ओर बढ़ रहा है। खासकर सुबह और देर रात घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड का एहसास होने लगेगा।