Newshaat_Logo

झारखंड मौसम अपडेट: डाल्टनगंज में 41 डिग्री के साथ भीषण गर्मी, रांची में उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

Jharkhand Weather Update: मौसम केंद्र, रांची के 5 जून सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
 
JHARKHAND

Jharkhand Weather Update: झारखंड में गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है. शुक्रवार को डाल्टनगंज (पलामू) राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं राजधानी रांची में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद बढ़ी हुई नमी (ह्यूमिडिटी) के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र के अनुसार, पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों तक तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रांची में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हुई.

मौसम केंद्र, रांची के 5 जून सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

रांची का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम है. इसके बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है. इसकी मुख्य वजह हवा में बढ़ी हुई नमी है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण आर्द्रता बढ़ी हुई है, जिससे पसीना जल्दी नहीं सूखता और गर्मी ज्यादा महसूस होती है. रांची में अधिकतम आद्रता का प्रतिशत 74 और न्यूनतम 42 रिकॉर्ड हुआ है.

Jharkhand Weather Update

आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम

झारखंड में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने की संभावना है. मौसम केंद्र, रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों को छोड़कर शेष क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई इलाकों में गरज के साथ तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है.

ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. राजधानी रांची में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं, हालांकि व्यापक वर्षा की संभावना कम है. अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

कहां रही सबसे ज्यादा गर्मी?

राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है. डाल्टनगंज में सबसे अधिक 41.0 डिग्री, सरायकेला में 40.4 डिग्री, जमशेदपुर में 40.3 डिग्री, चाईबासा में 39.8 डिग्री, पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 38.6 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 38.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.

रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा. जमशेदपुर में तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. चाईबासा सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा गर्म रहा. बोकारो थर्मल में तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम रहा, जो सबसे बड़ी गिरावट है.

Jharkhand Weather Update

झारखंड के इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में बारिश भी हुई. सबसे ज्यादा 34 मिलीमीटर वर्षा बोकारो जिले के नवाडीह डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई. दुमका के गोपीकांदर में 31.2 मिलीमीटर और शिकारीपाड़ा में 25.2 मिलीमीटर बारिश हुई. बोकारो थर्मल में 23.2 मिलीमीटर, जबकि लातेहार में 12 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

इसके अलावा लातेहार में 12 मिमी, खूंटी में 5.5 मिमी और जामताड़ा में 4 मिमी बारिश हुई. खास बात है कि पिछले 24 घंटे के दौरान रांची, जमशेदपुर, सरायकेला, दुमका, गुमला और अन्य जिलों में बारिश नहीं हुई.