झारखंड में महिला क्रिकेट का महाकुंभ, 3 जून से झारखंड विमेंस टी20 टूर्नामेंट
Ranchi: झारखंड में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 3 जून से झारखंड विमेंस टी20 टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा. इस प्रतियोगिता के माध्यम से राज्य की उभरती महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और झारखंड के स्टार स्पिनर Shahbaz Nadeem ने टूर्नामेंट को महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में अहम कदम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी और उन्हें उच्च स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त होगा.
राज्य में पहली बार आयोजित हो रहे झारखंड विमेंस टी20 टूर्नामेंट 2026 का आगाज 3 जून से जेएससीए स्टेडियम परिसर स्थित ओवल ग्राउंड में होगा. इस प्रतियोगिता में राज्य की चार टीमें पलामू वॉरियर्स, संथाल चैलेंजर्स, कोल्हान डायनामोज और छोटानागपुर ब्लास्टर्स खिताब के लिए मुकाबला करेंगी. खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. आज प्रैक्टिस सेशन के दौरान खिलाड़ियों और JSCA के जॉइंट सेक्रेटरी शाहबाज नदीम से ईटीवी भारत ने बातचीत की है.
टूर्नामेंट का आयोजन 3 जून से 7 जून तक किया जाएगा. प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मैच सुबह 8:30 बजे और दूसरा मैच दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा. 6 जून को विश्राम दिवस रखा गया है, जबकि 7 जून को लीग चरण की शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. मैचों के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ी पिछले कई दिनों से मैदान पर कड़ी मेहनत कर रही हैं.
इस प्रतियोगिता की एक खास बात यह है कि सभी मुकाबलों का लाइव स्ट्रीमिंग भी किया जाएगा. इससे न सिर्फ राज्यभर के क्रिकेट प्रेमी मैचों का आनंद ले सकेंगे, बल्कि खिलाड़ियों के परिजन, कोच और चयनकर्ता भी उनके प्रदर्शन पर नजर रख पाएंगे. महिला क्रिकेटरों के लिए यह मंच अपनी प्रतिभा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है.
झारखंड में महिला क्रिकेट का स्तर हो रहा बेहतर- शहबाज नदीम
जेएससीए के संयुक्त सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर शहबाज नदीम ने कहा कि झारखंड में महिला क्रिकेट का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और संघ खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें और आगे बढ़ने के अवसर हासिल कर सकें.

खिलाड़ियों की दी जाएगी मैच फीस
ईटीवी भारत से बातचीत में शहबाज नदीम ने कहा कि यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है. उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को मैच फीस भी दी जाएगी और भविष्य में पुरुष खिलाड़ियों की तर्ज पर महिला खिलाड़ियों के लिए भी ऑक्शन प्रणाली लागू करने की योजना पर काम किया जा रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता से कई नई प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो आगे चलकर झारखंड और देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.

आगे बढ़ने के मिलेंगे अवसर- मेघा
संथाल चैलेंजर्स की कप्तान कुमारी मेघा ने कहा कि महिला क्रिकेटरों के लिए यह प्रतियोगिता बेहद महत्वपूर्ण है. उनके अनुसार लाइव स्ट्रीमिंग होने से चयनकर्ताओं तक खिलाड़ियों का प्रदर्शन पहुंचेगा और उन्हें आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि पहले के समय में क्रिकेट में लड़कों को अधिक प्राथमिकता मिलती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं. महिला खिलाड़ियों को भी लगातार प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर और फिटनेस कैंप का लाभ मिल रहा है, जिसका सकारात्मक असर उनके खेल पर दिखाई दे रहा है.

खिलाड़ियों ने की जेएससीए की सराहना
संथाल चैलेंजर्स की तेज गेंदबाज खुशबू का मानना है कि समाज में महिला क्रिकेट को लेकर सोच तेजी से बदली है. उन्होंने कहा कि पहले जिन लड़कियों को क्रिकेट खेलने के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं मिलता था, आज उनके परिवार भी उन्हें प्रोत्साहित कर रहे हैं. उन्होंने जेएससीए की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह शुरुआत है और आने वाले वर्षों में महिला क्रिकेट को इससे और मजबूती मिलेगी.
खिलाड़ियों को क्षमता साबित करने का मौका
वहीं पलामू वॉरियर्स की ओपनिंग बल्लेबाज ईशा केसरी ने इसे अपने करियर के लिए बड़ा अवसर बताया. उन्होंने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मंच देते हैं. अच्छा प्रदर्शन करने पर राज्य टीम और फिर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता खुल सकता है. ईशा ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करना उनका सपना है और इस तरह की प्रतियोगिताएं उस सपने को साकार करने में मददगार साबित होंगी.
खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी टीमों की खिलाड़ी लगातार अभ्यास में जुटी हुई हैं. खिलाड़ियों के लिए विशेष कोचिंग व्यवस्था की गई है और फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. मैदान पर रोजाना घंटों पसीना बहा रहीं खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
झारखंड क्रिकेट की नई शुरुआत
महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों को देखते हुए यह टूर्नामेंट झारखंड क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत माना जा रहा है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह की प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन होता रहा तो राज्य से आने वाले वर्षों में कई प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं. झारखंड विमेंस टी20 टूर्नामेंट इसी दिशा में एक मजबूत कदम साबित होने जा रहा है.







