झारखंड की बेटी बॉलीवुड प्ले बैक सिंगर शिल्पा राव अपनी आवाज़ से स्थापना दिवस में लगाएंगी चार-चांद, आज शाम 4 बजे से
Jharkhand Desk: झारखंड की रजत जयंती के अवसर पर दूसरे दिन भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस अवसर पर सुबह में डोरंडा स्थित जैप वन के सभागार से जतरा का आयोजन किया जाएगा. यह यात्रा डोरंडा से शुरू होकर कचहरी चौक होते हुए जेल पार्क में समाप्त होगी. जतरा में लगभग चार हजार कलाकार सम्मिलित होंगे, जो राज्य की विविध सांस्कृतिक झलक पेश करेंगे.

रविवार को ही शाम को मोरहाबादी मैदान में भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा की जीवनगाथा और झारखंड की समृद्ध संस्कृति को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा. इसके साथ ही एवी प्रस्तुति भी होगी. इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य के पारंपरिक विधाओं का समावेश करते हुए राज्य के समृद्ध कला संस्कृति प्रदर्शित किया जाएगा, जिसका थीम रिदम आफ फाक होगा. अलग-अलग तरह के लोक नृत्य भी होंगे, जिनमें संथाली नृत्य, खड़िया नृत्य , नागपुरी नृत्य आदि महत्वपूर्ण हैं. इसके साथ ही शास्त्रीय नृत्य कत्थक ,भरतनाट्यम , ओडिसी नृत्य की भी प्रस्तुति होगी.
इसके साथ ही फ्यूज़न प्रस्तुति शास्त्रीय नृत्य एवं आधुनिक नृत्य की जुगलबंदी , इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और बालीवुड सिंगर शिल्पा राव की प्रस्तुति भी होगी. इन कार्यक्रमों का आयोजन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार और संस्कृति निदेशक आसिफ इकराम की देखरेख में होगी.







