Newshaat_Logo

झारखंड के लातेहार में सनसनी, मामूली विवाद बना जानलेवा, पिता ने ही कर दी बेटे की हत्या...

Latehar: बीती रात शराब के नशे में पिता और पुत्र में जबरदस्त झगड़ा हो गया. बताया जाता है कि पुत्र सीताराम ने अपने पिता को जमीन पर पटक दिया. इस घटना से बौखलाए पिता बिनेश्वर परहिया ने धारदार हथियार से अपने बेटे पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि पिता-पुत्र की इस लड़ाई को देखकर वहां उपस्थित एक अन्य ग्रामीण सुदेश परहिया ने बीच बचाव करने का प्रयास किया. बीच बचाव करने के क्रम में सुदेश के हाथ में भी धारदार हथियार से चोट लग गई.
 
LATEHAR JHARKHAND

Latehar: लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत उचुवाबर गांव में पिता ने अपने ही पुत्र की हत्या चाकू मारकर कर दी. इस घटना में एक अन्य ग्रामीण भी घायल हुआ है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि घटना किस परिस्थिति में घटी पुलिस इसकी जांच कर रही है.

दरअसल मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत उचुवाबर गांव के निवासी बिनेश्वर परहिया और उसके पुत्र सीताराम परहिया के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. बीती रात शराब के नशे में पिता और पुत्र में जबरदस्त झगड़ा हो गया. बताया जाता है कि पुत्र सीताराम ने अपने पिता को जमीन पर पटक दिया. इस घटना से बौखलाए पिता बिनेश्वर परहिया ने धारदार हथियार से अपने बेटे पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि पिता-पुत्र की इस लड़ाई को देखकर वहां उपस्थित एक अन्य ग्रामीण सुदेश परहिया ने बीच बचाव करने का प्रयास किया. बीच बचाव करने के क्रम में सुदेश के हाथ में भी धारदार हथियार से चोट लग गई.

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी

इधर घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल गांव पहुंची और युवक के शव को कब्जे में ले लिया. स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा हत्यारे पिता को भी पुलिस के हवाले कर दिया गया. ग्रामीण सुदेश परहिया ने बताया कि अचानक पिता और पुत्र के बीच झगड़ा होने की सूचना मिलने के बाद वह बीच बचाव करने गया था. दोनों का झगड़ा समाप्त करने के क्रम में उसके हाथ में भी चोट आ गई. इसी बीच पिता ने अपने पुत्र सीताराम पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. जिससे सीताराम की मौत हो गई . बाद में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.

पिता-पुत्र में अक्सर विवाद होता रहता थाः ग्रामीण

स्थानीय ग्रामीणों की माने तो पिता बिनेश्वर परहिया और पुत्र सीताराम परहिया के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. परंतु बीती रात विवाद काफी अधिक बढ़ गया और स्थिति ऐसी हो गई कि पिता ने अपने ही इकलौते पुत्र पर धारदार हथियार से हमला कर उसको मौत के घाट उतार दिया.

घटना के कारण की हो रही है जांच

'प्रारंभिक सूचना के अनुसार पिता पुत्र दोनों नशे की हालत में थे. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गई. नशे की हालत में पिता ने बांस काटने वाले चाकू से अपने पुत्र पर वार कर दिया. जिससे पुत्र सीताराम की मौत हो गई. आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.'- भरत राम, डीएसपी