JMM-Congress ने बनाई संयुक्त रणनीति, दोनों सीटों पर नजर: अंतिम फैसला हेमंत सोरेन पर टिका..CM हेमंत सोरेन एक-दो दिन में लेंगे फैसला
Jharkhand Politics: झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने बीजेपी को राज्यसभा चुनाव में मात देने के लिए साझा रणनीति पर सहमति बनाई है. दोनों दलों के बीच हुई अहम बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि राज्य की दोनों राज्यसभा सीटें महागठबंधन के खाते में जाएं. अंतिम रणनीति और उम्मीदवारों को लेकर मुख्यमंत्री Hemant Soren अगले एक-दो दिनों में फैसला ले सकते हैं.
![]()
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने बताया कि पार्टी नेतृत्व की ओर से तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क को रांची भेजा गया था ताकि झामुमो नेतृत्व के साथ चर्चा कर साझा रणनीति तैयार की जा सके. बैठक में दोनों दलों ने बीजेपी को किसी भी तरह राज्यसभा सीट हासिल करने से रोकने पर सहमति जताई.
इस दौरान करीब दो घंटे चली बैठक के बाद कांके स्थित सीएम आवास से बाहर निकले कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से कहा कि पूरी बैठक काफी सकारात्मक रही है और एक मुद्दे पर दोनों दल सहमत हैं कि राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार की हार सुनिश्चित करना है.
झारखंड कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि राज्यसभा की एक सीट पर कांग्रेस ने अपनी दावेदारी जताई है. जिस पर मुख्यमंत्री और गठबंधन के नेताओं ने कहा कि एक दो दिन में बातचीत करके राज्यसभा चुनाव को लेकर फैसला लेंगे. के राजू ने बताया कि कांग्रेस आलाकमान ने तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का को राज्यसभा चुनाव के लिए झामुमो से बातचीत और सहमति बनाने के लिए रांची भेजा है. वे बैठक की सभी बातों से कांग्रेस आलाकमान को अवगत कराएंगे.

मुख्यमंत्री का रुख वही जो कांग्रेस का रुख: प्रदीप यादव
18 जून को राज्य में होने वाले मतदान को लेकर मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक की जानकारी देते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि स्पष्ट बात हुईं है और मुख्यमंत्री की सोच और विचार वही है, जो कांग्रेस के विचार हैं. पूर्व मंत्री प्रदीप यादव ने आगे कहा कि आज की परिस्थिति में दोनों सीटें कैसे जीते? पहली सीट के लिए कोई दिक्कत नहीं है. दूसरी सीट के लिए कैसे हमारे सभी 28 विधायक एकजुट रहे, इस पर रणनीति बनी है और इसके लिए जवाबदेही मुख्यमंत्री को दी गई है.

लोकल प्रत्याशी पर विचार
दरअसल, 81 विधायकों वाली झारखंड विधानसभा में सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों की कुल संख्या 56 (झामुमो -34, कांग्रेस-16, राजद-4, माले- 2) है. मीडियाकर्मियों से बात करते हुए के. राजू ने बताया कि उन्होंने आलाकमान को बता दिया है कि झारखंड में कांग्रेस का उम्मीदवार लोकल ही होगा.
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM से तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री श्री @Bhatti_Mallu @INCJharkhand_ के प्रभारी श्री @KRajuINC एवं @INCJharkhand_ अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी। pic.twitter.com/vix1iZGzJ1
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) May 29, 2026
क्या कांग्रेस के लिए एक सीट छोडे़ंगे हेमंत सोरेन?
वहीं संख्याबल नहीं होते हुए भी बीजेपी ने राज्यसभा में उम्मीदवार उतारने की घोषणा करने और क्या झामुमो अपने सहयोगी दल कांग्रेस के लिए एक सीट छोड़ेगी, इसको लेकर अभी तक हेमंत सोरेन ने पत्ते नहीं खोले हैं. यही वजह है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर अभी से कई कयास राजनीतिक हलकों में लगने शुरू हो गए हैं.







