Newshaat_Logo

JPSC-JSSC विधानसभा मार्च में अनोखा प्रदर्शन, भालू बनकर पहुंचा युवक; बोला- ‘हमें जंगली जानवर बनने को मजबूर न करें सरकार’

Ranchi: विधानसभा मार्च के दौरान एक युवक भालू का रूप धारण कर पहुंचा, जो प्रदर्शन के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया. युवक ने सरकार को संदेश देते हुए कहा कि “हमें जंगली जानवर बनने को मजबूर न करें।” युवक के इस अनोखे प्रदर्शन ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा
 
 
JHARKHAND

Ranchi: JPSC और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। इस दौरान कई जगहों पर छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग को पार करने की कोशिश की। पुलिस प्रशासन छात्रों को निर्धारित स्थान पर रोकने में जुटा रहा।

YOUNG MAN DRESSED BEAR

भालू बनकर विधानसभा मार्च में पहुंचा युवक

विधानसभा मार्च के दौरान एक युवक भालू का रूप धारण कर पहुंचा, जो प्रदर्शन के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया। युवक ने सरकार को संदेश देते हुए कहा कि “हमें जंगली जानवर बनने को मजबूर न करें।”

युवक के इस अनोखे प्रदर्शन ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। छात्र अलग-अलग पोस्टर और बैनर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए।

कांटेदार तारों की बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश

प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने के साथ पुलिस प्रशासन के सामने भी चुनौती बढ़ती गई। कई स्थानों पर छात्रों ने कांटेदार तारों वाली बैरिकेडिंग को पार करने की कोशिश की और कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।

एक प्रदर्शनकारी अपने हाथ में ऐसा पोस्टर लेकर भी पहुंचा, जिस पर लिखा था, “नौकरी नहीं मिलेगी तो गर्लफ्रेंड भी साथ नहीं देगी।” इस तरह के पोस्टरों और नारों के जरिए छात्र अपनी नाराजगी और बेरोजगारी की समस्या को सामने रखते दिखे।

कई जगहों पर छात्रों ने पुलिस की घेराबंदी को पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों की भीड़ लगातार बढ़ती रही, जिससे सुरक्षा व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण होता गया।

देवेंद्रनाथ महतो बोले- फैसला नहीं हुआ तो छात्र उग्र होंगे

आंदोलन के दौरान देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द कोई फैसला नहीं लेती है तो छात्र आंदोलन और उग्र हो सकता है।

उन्होंने कांटेदार तारों वाली बैरिकेडिंग लगाए जाने पर सवाल उठाया और कहा कि सरकार ने इस तरह की व्यवस्था करके ‘अराजकता’ को न्योता दिया है।

देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि वह पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, इसके बावजूद छात्रों के विधानसभा घेराव में शामिल होने से खुद को रोक नहीं सके। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल से भी ज्यादा तकलीफ इस बात की है कि सरकार ने छात्रों के रास्ते में कांटेदार तार लगा दिए हैं।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर वह इस तरह की स्थिति क्यों पैदा करना चाहती है। साथ ही आंदोलन में समर्थन देने वाले छात्रों का आभार जताया।

आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा छात्रों का हुजूम

फिलहाल बड़ी संख्या में छात्र लगातार विधानसभा की ओर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें निर्धारित स्थानों पर रोकने की कोशिश कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।

स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, हालांकि पुलिस के संयमित रवैये के कारण फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। छात्रों की मुख्य मांग JPSC-JSSC और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई है।