Newshaat_Logo

JPSC-JSSC घेराव से पहले पुलिस अलर्ट, नेहा बोरा की एंट्री की चर्चा

JPSC Student Protest: स्पेशल ब्रांच की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट प्रसारित हो रही हैं, जिनमें छात्र नेता नेहा बोरा द्वारा JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से 7 अगस्त के आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है.
 
JHARKHAND

JPSC Student Protest: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 7 अगस्त को प्रस्तावित छात्र आंदोलन को लेकर राज्य पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है. आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने विशेष अलर्ट जारी किया है. सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

साक्षात्कार | कागज़ लीक आंदोलन वर्षों से चली आ रही वामपंथी सक्रियता का  पुनरुद्धार नहीं, बल्कि उसकी निरंतरता है: एआईएसए की नेहा बोरा

नेहा बोरा के आंदोलन में शामिल होने की चर्चा

स्पेशल ब्रांच की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट प्रसारित हो रही हैं, जिनमें छात्र नेता नेहा बोरा द्वारा JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से 7 अगस्त के आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है. इन पोस्टों में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं से विधानसभा घेराव में भाग लेने का आह्वान किया गया है. बताया जा रहा है कि आंदोलन के तहत अभ्यर्थी पहले विधानसभा मार्च करेंगे और उसके बाद निर्धारित धरना-स्थल पर एकत्र होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे.

बड़ी भीड़ जुटने की आशंका

स्पेशल ब्रांच ने अपने अलर्ट में कहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और समर्थकों के जुटने की संभावना है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसी आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन को पहले से ही सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

सभी जिलों को जारी किए गए निर्देश

विशेष शाखा ने राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों (SP), वरीय पुलिस अधीक्षकों (SSP) और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले का सत्यापन करने, स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही, की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी स्पेशल ब्रांच को उपलब्ध कराने को कहा गया है.

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी

7 अगस्त को प्रस्तावित छात्र आंदोलन को देखते हुए रांची सहित आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की संभावना है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जा सकते हैं. प्रशासन का कहना है कि आंदोलन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता होगी. हालांकि, आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही सभी सूचनाओं की पुलिस सत्यापन कर रही है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.