Newshaat_Logo

कल्पना सोरेन का केंद्र पर हमला! बोलीं- झारखंड कोई उपनिवेश नहीं, 1.56 लाख करोड़ का नुकसान?

झारखंड विधानसभा में MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ चर्चा के दौरान झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से सिर्फ खनिज संसाधनों का दोहन किया जाए. कल्पना सोरेन ने दावा किया कि संशोधित कानून लागू होने से अगले 10 वर्षों में राज्य को संभावित रूप से 1.56 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है.
 
JHARKHAND

Jharkhand Vidhansabha: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में खनिज संपदा और राज्य के वित्तीय अधिकारों को लेकर सियासी घमासान जारी है। MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ पेश राजकीय संकल्प पर चर्चा के दौरान झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से सिर्फ संसाधनों का दोहन किया जाए। केंद्र के साथ साझेदारी का मतलब यह नहीं है कि राज्य के वित्तीय अधिकारों को सीमित कर दिया जाए।

विधानसभा में गरजीं कल्पना सोरेन, बोलीं- झारखंड कोई उपनिवेश नहीं, साझेदार है

कल्पना सोरेन ने कहा कि यह लड़ाई केवल खनिज राजस्व की नहीं, बल्कि झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और संवैधानिक अधिकारों की भी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब खनन के कारण जमीन, जंगल और आजीविका का नुकसान झारखंड के लोगों को उठाना पड़ता है, तो खनिज से पैदा होने वाली समृद्धि में स्थानीय लोगों की भागीदारी क्यों नहीं सुनिश्चित की जाती?

10 साल में 1.56 लाख करोड़ के नुकसान का अनुमान

सदन में खनिज राजस्व का आंकड़ा पेश करते हुए कल्पना सोरेन ने दावा किया कि अगले 10 वर्षों में झारखंड को खनिज संपदा से करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व मिल सकता था। लेकिन MMDR संशोधन अधिनियम लागू होने के बाद यह घटकर लगभग एक लाख करोड़ रुपये रह सकता है। इससे राज्य को करीब 1.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित नुकसान होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि यह संभावित राजस्व का लगभग 61 प्रतिशत है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में खनिज राजस्व में 285 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राजस्व में कमी का सीधा असर राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है।

जमीन-जंगल झारखंड के, नुकसान भी यहीं के लोगों को

खनन के सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभावों पर चिंता जताते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि खनिज भले ही देश के दूसरे हिस्सों में इस्तेमाल हो, लेकिन इसके लिए जमीन और जंगल झारखंड के खत्म होते हैं। प्रदूषण, बीमारी और विस्थापन का दर्द भी स्थानीय लोगों को ही झेलना पड़ता है।

उन्होंने कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक जमीन होने का जिक्र करते हुए प्रभावित परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि खनन से होने वाले मुनाफे और स्थानीय समुदायों की ओर से चुकाई जा रही कीमत पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।

'झारखंड भीख में नहीं मिला, संघर्ष से बना है'

झारखंड आंदोलन का जिक्र करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए हुआ था। झारखंड किसी को भीख में नहीं मिला है, बल्कि इसके पीछे लंबा संघर्ष और पूर्वजों की कुर्बानी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि MMDR संशोधन अधिनियम के जरिए केंद्र सरकार राज्यों के खनिज अधिकारों के साथ टैक्स और सेस लगाने की शक्तियों को भी सीमित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून बनाने से पहले खनिज उत्पादक राज्यों से पर्याप्त परामर्श नहीं किया गया और न ही उनके वित्तीय हितों पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया गया।