Koderma Bus Accident: देवघर से लौट रही कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, बच्चे समेत 3 की मौत; 15 गंभीर
Koderma: सावन के पवित्र महीने में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के बाद लौट रहे कांवरियों से भरी बस शुक्रवार की अहले सुबह कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। देवघर-नवादा मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टकरा गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 कांवरिया गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

गंभीर रूप से घायल सभी कांवरियों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चालक को आई झपकी, अनियंत्रित होकर ट्रक से भिड़ी बस
जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर एक बस देवघर पहुंची थी। बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ के दर्शन के बाद गुरुवार रात बस बासुकीनाथ से राजगीर (बिहार) के लिए रवाना हुई थी।
शुक्रवार की अहले सुबह सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को अचानक झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई कांवरिया बस के अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर शुरू किया राहत-बचाव कार्य
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलने के बाद सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकाला। सभी घायलों और अन्य यात्रियों को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवरियों को सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया गया।
बस में करीब 45 कांवरिया थे सवार
थाना प्रभारी बबलू सिंह के अनुसार, बस नेपाल से कांवरियों को लेकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर गई थी। गुरुवार रात बासुकीनाथ से राजगीर के लिए लौटने के दौरान चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान बच्चे की मौत, दो ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में घायल 10 वर्षीय शिवम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। इस हादसे में करीब 15 कांवरियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।







