Newshaat_Logo

लातेहार: पुलिस को मिली बड़ी सफलता...राहुल सिंह गिरोह के 5 शूटर गिरफ्तार...

Jharkhand Desk: सूचना के बाद एसपी ने लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की और अपराधियों के खिलाफ घेराबंदी करते हुए छापामारी कराई. चिन्हित जगहों पर जैसे ही पुलिस की टीम पहुंची वैसे ही अपराधी वहां से भागने लगे लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेरकर अपराधियों को पकड़ लिया.
 
Jharkhand Police

Jharkhand Desk: कुख्यात अपराधी संगठन से जुड़े रांची और गुमला जिले के अपराधियों को लातेहार जिले में अपराध की घटना को अंजाम देने की योजना बनाना महंगा साबित हुआ. लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में रेलवे कोयला साइडिंग में हिंसक घटनाओं को अंजाम देने पहुंचे कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के 5 अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है.

लातेहार में कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के 5 अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

गिरफ्तार अपराधियों में रांची जिला निवासी विश्वनाथ उरांव, फूलचंद खलखो, तुलसी मुंडा, तनवीर अंसारी तथा गुमला जिला निवासी संदीप यादव शामिल हैं. अपराधियों के पास से दो देसी पिस्तौल और 5 गोलियां भी बरामद हुई है. दरअसल, पिछले कुछ दिनों से चंदवा थाना क्षेत्र के टोरी रेलवे स्टेशन के निकट स्थित रेलवे कोयला साइडिंग के संचालक से रंगदारी वसूलने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए अपराधियों के द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था.

अपराधियों ने कुछ दिन पहले भी हिंसक घटनाओं को अंजाम देकर डर का माहौल बनाने का प्रयास किया था लेकिन जब अपराधियों की योजना सफल नहीं हुई तो अपराधियों ने रेलवे साइडिंग पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई. इसी घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी चंदवा के परसाही गांव में पहुंचे थे लेकिन समय रहते इसकी सूचना एसपी कुमार गौरव को मिल गई.

सूचना के बाद एसपी ने लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की और अपराधियों के खिलाफ घेराबंदी करते हुए छापामारी कराई. चिन्हित जगहों पर जैसे ही पुलिस की टीम पहुंची वैसे ही अपराधी वहां से भागने लगे लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेरकर अपराधियों को पकड़ लिया.

प्रेस वार्ता करते हुए एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी लेवी वसूलने के लिए हिंसक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इस सूचना के बाद लातेहार डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने छापामारी कर 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों में एक गुमला जिले का रहने वाला है जबकि चार अपराधी रांची जिले के रहने वाले हैं, सभी अपराधी कुख्यात राहुल सिंह गिरोह से जुड़े हुए हैं.

गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल और पांच गोलियां भी बरामद हुई है. उन्होंने कहा कि लातेहार पुलिस ऑर्गेनाइज्ड क्राइम के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. अपराधियों को किसी भी सूरत में छोड़ नहीं जाएगा.