Movie prime

धनबाद में बार एसोसिएशन का रास्ता बंद होने की वजह से अधिवक्ताओं में फैली रोष, सड़क पर उतरकर न्यायिक कार्य के बहिष्कार का ऐलान

Dhanbad:  इस निर्णय के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर धनबाद कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक विरोध मार्च निकाला. मार्च के दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल समाधान की मांग की...
 
Dhanbad News

Dhanbad: सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित धनबाद बार एसोसिएशन के आवागमन मार्ग को बंद किए जाने से अधिवक्ताओं में गहरा असंतोष देखने को मिल रहा है.

ये मार्ग लंबे समय से अधिवक्ताओं के दैनिक आवागमन के साथ-साथ वाहन पार्किंग के लिए उपयोग में लाया जा रहा था, लेकिन हाल ही में जिला प्रशासन ने इस रास्ते को बाउंड्री वॉल बनाकर पूरी तरह से बंद कर दिया है, जिससे अधिवक्ताओं को आने जाने में परेशानी हो रही है.

इस मामले में अधिवक्ताओं का कहना है कि बार एसोसिएशन का भवन भी इसी मार्ग से जुड़ा है, रास्ता बंद होने की वजह से न केवल अधिवक्ताओं बल्कि न्यायालय में आने वाले वादकारियों और आम नागरिकों को भी परेशानी हो रही है. इससे न्यायिक कार्यों की सुचारू व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है.
इस निर्णय के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर धनबाद कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक विरोध मार्च निकाला. मार्च के दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल समाधान की मांग की.
इधर, बार एसोसिएशन का आरोप है कि इस समस्या पर पूर्व में कई बार जिला प्रशासन से वार्ता हुई थी, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही दिया गया. अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकलने से अधिवक्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.
जिला प्रशासन पर उदासीनता का आरोप
बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि अधिवक्ता कानून के संरक्षक होते हैं और हमेशा प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करते आए हैं. बावजूद इसके इस मामले में प्रशासन की उदासीनता समझ से परे है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही रास्ता बहाल नहीं किया गया तो गुरुवार से धनबाद में अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बंद किया जाएगा. वहीं बार एसोसिएशन अध्यक्ष राधे गोस्वामी ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की है.