रांची में बादलों की लुका-छिपी, 6 जिलों में हल्की बारिश के आसार; बढ़ते तापमान के बीच गर्मी की दस्तक तेज
मौसम विभाग के मुताबिक खूंटी, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि बारिश बहुत तीव्र नहीं होगी, लेकिन करीब 25 प्रतिशत तक वर्षा की आशंका जताई गई है। वज्रपात को लेकर फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, फिर भी मौसम के अचानक बदलने की संभावना को देखते हुए छाता साथ रखने की सलाह दी गई है।
यह बदलाव केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। 26 तारीख तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। आने वाले चार दिनों में पाकुड़, दुमका, गढ़वा, कोडरमा और लोहरदगा में भी हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं।
हालांकि इस बारिश से तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है। उल्टे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पूर्वी जिलों जैसे देवघर, पाकुड़, दुमका और साहिबगंज में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। जहां पहले 13 डिग्री दर्ज हो रहा था, अब 15 से 16 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
वहीं रांची, खूंटी और पलामू में न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि दक्षिणी जिलों में 17 डिग्री तक पहुंच सकता है। दोपहर में धूप और उमस का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
मौसम के इस बदले मिजाज के बीच इतना तय है कि झारखंड में गर्मी की दस्तक हो चुकी है। स्वेटर अब अलमारी में सिमटने लगे हैं और कई जगहों पर दोपहर में पंखा भी चलने लगा है। हल्की बारिश भले कुछ देर राहत दे, लेकिन उमस बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी जा रही है।







