Newshaat_Logo

पूरे सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ माधव लाल सिंह का अंतिम संस्कार, अंतिम यात्रा में दिखा जनसैलाब

Bokaro: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुलनाथ शाहदेव ने माधव लाल सिंह को शानदार नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा, “माधो बाबू के नाम से प्रसिद्ध ऐसे नेता बहुत कम होते हैं, जो बिना लोभ-लालच के राजनीति करते थे. लोगों में इतनी लोकप्रियता थी कि वह निर्दलीय चुनाव भी जीत जाते थे.
 
JHARKHAND

Bokaro: गोमिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और एकीकृत बिहार व झारखंड सरकार में मंत्री रहे माधव लाल सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार को साड़म पश्चिमी स्थित बोकारो नदी तट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया. उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया. बुधवार को लंबी बीमारी के बाद रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया था.

Gomia Former Minister Madhavlal Singh Funeral State Honour

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों समर्थक नम आंखों से शामिल हुए. पुलिस बल ने दिवंगत नेता को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. पूरे वातावरण में शोक की लहर व्याप्त रही और लोग “माधव लाल सिंह अमर रहें” के नारों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे. जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं.

मौके पर उपस्थित गोमिया विधायक सह मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि गोमिया ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य ने एक कर्मठ और ईमानदार नेता को खो दिया है, जिसकी पूर्ति संभव नहीं है. उन्होंने माधव बाबू को गोमिया का अभिभावक बताते हुए कहा, “हम लोग राजनीतिक रूप से कभी पक्ष में रहे, कभी विपक्ष में, लेकिन हमेशा गोमिया की बेहतरी के लिए काम किया.” परिवार को शोक सहने की शक्ति देने की ईश्वर से कामना की.

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुलनाथ शाहदेव ने माधव लाल सिंह को शानदार नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा, “माधो बाबू के नाम से प्रसिद्ध ऐसे नेता बहुत कम होते हैं, जो बिना लोभ-लालच के राजनीति करते थे. लोगों में इतनी लोकप्रियता थी कि वह निर्दलीय चुनाव भी जीत जाते थे. चार बार विधायक और मंत्री रहे, जिस दल में गए, वहां से जीते. उनका अपना अलग व्यक्तित्व और छवि थी. यह राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है.”

मौके पर उपस्थित प्रमुख हस्तियां

अंतिम संस्कार में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, बोकारो डीसी अजय नाथ झा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, भाजपा नेता कुमार महेश सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी और राजनीतिक-सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं. दिवंगत नेता के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और क्षेत्रीय विकास में योगदान को याद करते हुए सभी ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.