रामगढ़ के पतरातू पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 12 मजदूर घायल, जांच टीम गठित, सुरक्षा मानकों की होगी समीक्षा...
Ramgarh: पतरातू में NTPC और पटना विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) की संयुक्त निर्माणाधीन सुपर थर्मल पावर परियोजना के यूनिट-2 में बुधवार को एक गंभीर तकनीकी हादसा हुआ. इस घटना में कुल 12 श्रमिक घायल हो गए.
हादसा एयर कूल्ड कंडेंसर (ACC) के डक्ट में इन-प्लेट सील में खराबी आने के कारण हुआ. अचानक सील टूटने से डक्ट के अंदर का प्रेशराइज्ड डस्ट बाहर फैल गया, जिसकी चपेट में कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिक आ गए.
उस समय ACC से संबंधित इरेक्शन एवं परीक्षण का कार्य भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) द्वारा किया जा रहा था. घायल श्रमिकों में से 9 मजदूर मैसर्स आरपीपी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी से जुड़े थे, जबकि 3 BHEL के कर्मचारी थे.
हादसे के तुरंत बाद सभी घायल श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के लिए पीटीपीएस (पतरातू थर्मल पावर स्टेशन) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की और प्राथमिक इलाज प्रदान किया.
प्रबंधन के अनुसार, सभी घायलों की चोटें हल्की हैं और वे खतरे से बाहर हैं. घटना की सूचना मिलते ही PVUNL प्रबंधन एवं संबंधित विभागों ने कार्यस्थल पर स्थिति को पूर्णतः नियंत्रण में ले लिया. प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि घटना में कुल 12 श्रमिकों को हल्की चोटें आई हैं.
प्रबंधन ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेष तकनीकी टीम का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की गहन जांच करेगी. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों की पुनः समीक्षा की जाएगी.
हादसे के बाद बड़ाकागांव विधायक सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि पीटीपीएस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल श्रमिकों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना. प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.







