गिरिडीह में बड़ा हादसा: बिजली विभाग के गोदाम में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, जांच के आदेश
Giridih: झारखंड के गिरिडीह शहर के स्टेशन रोड स्थित मोदी धर्मशाला के बगल में स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम कार्यालय के गोदाम में आज सुबह अचानक आग लग गई. आग की इस घटना में गोदाम में रखा बिजली से संबंधित सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, गोदाम से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों और दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि, तब तक गोदाम में रखे कई कीमती उपकरण, तार, केबल और अन्य विद्युत सामग्री जल चुकी थी.
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया. इस घटना से एक लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई. आग की लपटें और तेज धुंआ निकलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए. इधर आग की लपटों की चपेट में आकर मौके पर स्थित दो झोपड़ीनुमा दुकान भी जलकर खाक हो गया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
जब स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी तो उधर से जवाब आया कि अभी दोनों गाड़ियां निकली हुई हैं. आने के बाद भेजते हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद आग बुझाने में जुट गई.
बड़ा हादसा हो सकता था
आग लगने के बाद पास में मोदी धर्मशाला में आग बुझाने के लिए किसी तरह का कोई संसाधन मौजूद नहीं रहने की वजह से कई तरह की चर्चाएं होने लगी. मोदी धर्मशाला बिजली वितरण निगम कार्यालय से सटा हुआ है, ऐसे में अगर आग की लपटें धर्मशाला तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था.







