युवक को गोली मारकर बाइक लूटने का दावा, पुलिस बोली- मामले में कई तथ्य मेल नहीं खा रहे
Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले में युवक को गोली मारकर बाइक लूट लिए जाने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. हालांकि शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए कई पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है.

घायल युवक की पहचान बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र के अटारी गांव निवासी रवि बख्श राय के रूप में हुई है. रवि ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक मित्र के साथ बाइक से देवघर जा रहा था. इसी दौरान तोपचांची बाजार के समीप दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उसे रोकने का प्रयास किया. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दो गोलियां उसके पैरों में लगीं. इसके बाद हमलावर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार युवक ने दावा किया कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में उसे रोका, गोली मार दी और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
पुलिस को कहानी में दिख रही कई विसंगतियां
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को घटना के संबंध में कई ऐसे तथ्य मिले हैं, जिनसे मामला सामान्य लूट की वारदात से अलग प्रतीत हो रहा है. अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक के बयान, घटनास्थल की स्थिति और उपलब्ध साक्ष्यों के बीच कुछ असंगतियां सामने आई हैं.
जांच में जुटी पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा युवक के मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और हाल के संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि घटनास्थल की जांच में न तो खून के निशान मिले और न ही गोली चलने से संबंधित कोई साक्ष्य बरामद हुआ. प्रारंभिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि फायरिंग की घटना दुग्दा क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व विवाद के दौरान हुई हो और बाद में घायल को इलाज के लिए धनबाद लाकर घटना को तोपचांची क्षेत्र का बताया गया हो.
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जल्द ही संभावित वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







