मेडिकल छात्र की मौत से सनसनी, रिम्स हॉस्टल में एमबीबीएस छात्र ने लगाया फंदा
Ranchi: झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में एमबीबीएस सेकंड ईयर के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली. छात्र के शव को उसके ही हॉस्टल के कमरे से बरामद किया गया. घटना रिम्स के हॉस्टल नंबर 8 में हुई. जहां रहने वाले एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र अक्षित कुजूर ने आत्महत्या कर ली.

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को खाना खाने के बाद अक्षित अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था. शनिवार की सुबह जब उसके कुछ दोस्त उसके पास पहुंचे तो देखा कि अक्षित मृत पड़ा हुआ है. आनन-फानन में अक्षित को उसके दोस्त इलाज के लिए रिम्स के ही ट्रामा सेंटर ले गए, काफी देर तक डॉक्टरों ने प्रयास भी किया, लेकिन अक्षित की मौत हो गई.
एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र की आत्महत्या करने की सूचना बरियातू पुलिस को भी दी गई. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अपनी जांच में जुट गई. बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र अक्षित के सुसाइड की सूचना मिली थी, जिस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल कमरे की तलाशी नहीं ली गई है. परिजनों को मामले की जानकारी दी गई है. छात्र झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था.
वजहों का खुलासा नहीं
एमबीबीएस के होनहार स्टूडेंट अक्षित ने सुसाइड क्यों किया यह बड़ा सवाल है. अक्षित के कमरे की तलाशी के दौरान अगर कोई सुसाइड नोट मिलता है तब वजहों का खुलासा हो सकता है. फिलहाल अक्षित के शव को रिम्स के मॉर्चरी में ही रखा गया है. परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.







