BRICS चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन को ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेजर अवॉर्ड’ से किया गया सम्मानित...
Ranchi: पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कल्पना सोरेन ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह सम्मान झारखंड की हर महिला और उन सभी महिलाओं को समर्पित है, जो अपने परिवार और समाज को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं.
Mar 23, 2026, 19:53 IST
Ranchi: राजधानी दिल्ली में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की पहचान एक बार फिर मजबूत हुई. गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन को ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेजर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके सक्रिय योगदान और नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया.
यह सम्मान एक प्रतिष्ठित वैश्विक कार्यक्रम के दौरान दिया गया, जिसमें विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों और गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी रहीं. इस कार्यक्रम का आयोजन BRICS चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल की ओर से आयोजित किया गया.
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कल्पना सोरेन ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह सम्मान झारखंड की हर महिला और उन सभी महिलाओं को समर्पित है, जो अपने परिवार और समाज को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं.
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं व्यापार, खेल, विज्ञान, प्रशासन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और विकास की गति को आगे बढ़ा रही हैं.
अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से उन महिलाओं की बात उठाई, जो समाज के हाशिए पर हैं. उनका कहना था कि इन महिलाओं की आवाज को मुख्यधारा में लाना और उन्हें अवसरों से जोड़ना बेहद जरूरी है.
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि झारखंड में महिलाओं को अब सिर्फ योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि उन्हें उद्यमिता और नेतृत्व के केंद्र में लाया जा रहा है.
स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं.
हाल ही में विदेश यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कल्पना सोरेन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पढ़ रही झारखंड की छात्राओं का आत्मविश्वास और संघर्ष उन्हें प्रेरित करता है.
इससे यह विश्वास मजबूत होता है कि राज्य की बेटियां वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सशक्तिकरण का असली अर्थ तभी पूरा होगा, जब हर महिला को निष्पक्ष और समान अवसर मिले. केवल भागीदारी नहीं, बल्कि नेतृत्व के मौके भी समान रूप से उपलब्ध होने चाहिए.
इस अवसर पर देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे, जिन्होंने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए.
कार्यक्रम में पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे, एनआईसी के डीजी अभिषेक सिंह, पूर्व बीआरआईसीएस शेरपा संजय भट्टाचार्य, कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव रुपिंदर बरार, अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, ब्रिक्स महिला बिजनेस एलाइंस दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेबोगैंग जुलु, शिक्षाविद अमिता चौहान सुमित कई गणमान्य मौजूद रहे.







