महिलाओं के खाते में जल्द आयेगी मंईया सम्मान योजना की राशि, पोर्टल फिर हुआ चालू

झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए राहत की खबर है। योजना के पोर्टल में आई तकनीकी खराबी अब पूरी तरह से ठीक कर दी गई है, और इसे फिर से चालू कर दिया गया है। इससे लाभार्थी महिलाओं को जल्द ही उनकी 2500 रुपये की सहायता राशि मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
महिलाओं के लिए सबसे हितकारी योजना
इस योजना के तहत हर महीने लाभार्थी महिलाओं को 2500 रुपये दिए जाते हैं। अब लाभ प्राप्त करने के लिए आधार को अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
झारखंड में दिसंबर 2024 में हेमंत सोरेन की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटी थी। इस जीत में मंईया सम्मान योजना की अहम भूमिका मानी जाती है, क्योंकि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का एक मजबूत आधार बनी। सत्ता में लौटने के बाद सरकार ने इस योजना की राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया था।

जनवरी 2025 में सरकार ने महिलाओं के बैंक खातों में पांचवीं किस्त के रूप में 2500 रुपये ट्रांसफर किए थे। अब पोर्टल फिर से चालू होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि अगली किस्त भी जल्द ही महिलाओं के खातों में पहुंच जाएगी।