Movie prime

पलामू में पुलिस को बड़ी कामयाबी, 15 लाख के इनामी नक्सली नितेश यादव के मंसूबे नाकाम, जानें

पलामू पुलिस ने नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए 8 किलो वजनी शक्तिशाली लैंडमाइंस को पुलिस ने बरामद कर नष्ट कर दिया। साथ ही, मौके से हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चला रही है।

दरअसल, पुलिस ने 15 लाख के इनामी माओवादी कमांडर नितेश यादव के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया था। इसी दौरान, पांडू-मोहम्मदगंज सीमा के पास दूधिया इलाके में यह खतरनाक लैंडमाइंस बरामद किया गया। आशंका है कि इसे पुलिस बलों को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था। पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

एएसपी अभियान राकेश कुमार सिंह ने लैंडमाइंस बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि माओवादी कमांडर नितेश यादव के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से नितेश यादव इसी इलाके में सक्रिय था और उसके मूवमेंट को रिकॉर्ड किया जा रहा था।

पलामू क्षेत्र में सक्रिय नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही नक्सली कमांडर नितेश यादव की गिरफ्तारी संभव हो सकेगी।