NEET UG RE-EXAM: रांची के 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Ranchi: NEET UG री-एग्जाम के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने रांची के 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है. परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने, अनधिकृत गतिविधियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी कार्रवाई पर रोक रहेगी. प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
![]()
परीक्षा 21 जून 2026 को रांची के 21 उप-केंद्रों पर एक पाली में आयोजित होगी. इसे देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है.
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निषेधाज्ञा 21 जून को दोपहर 12 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी. इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, किसी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारी इस आदेश से मुक्त रहेंगे.
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ लगाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों के लिए शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा, NEET (UG)-2026 री-एग्जामिनेशन को पूरी पारदर्शिता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है. अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
रांची में जिन प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, उनमें मारवाड़ी कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू, केंद्रीय विद्यालय धुर्वा, केंद्रीय विद्यालय नामकुम, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली, सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल, सेंट एन्स गर्ल्स हाई स्कूल, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल समेत कुल 21 केंद्र शामिल हैं.
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. NEET री-एग्जाम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.







