इलाज के नाम पर लापरवाही? हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन के अभाव में महिला की मौत
Hazaribagh: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है. शिवपुरी निवासी मनजीत कुमार की पत्नी सरिता कुमारी, जो थैलेसीमिया से पीड़ित थीं को ऑक्सीजन देने में लापरवाही बरतने की वजह से उनकी मौत हो गई. पीड़िता की 7 साल की एक बेटी है.
समय रहते नहीं दिया गया ऑक्सीजन
दरअसल, थैलेसीमिया पीड़ित मरीज सरिता कुमारी रक्त चढ़वाने के लिए अस्पताल आई थी. उन्हें महिला वार्ड में भर्ती कराया गया था. इस दौरान उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था. वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें ऑक्सीजन नहीं चढ़ाया. जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई.
मृतक के पति मनजीत कुमार ने बताया कि वह अस्पताल में रक्त चढ़वाने के लिए आते रहते हैं. सुबह वह अपनी पत्नी को रक्त चढ़वाने के लिए लाए थे और उन्हें महिला वार्ड में भर्ती कराया गया था. यहां डॉक्टरों ने एक्स-रे कराने की बात कही और उन्हें एक्स-रे कराने के लिए भेज दिया गया. उस वक्त महिला का ऑक्सीजन लेवल कम था. वो बार-बार कह रही थी कि सांस लेने में दिक्कत हो रही है लेकिन चिकित्सकों ने महिला की बात नहीं मानी और उन्हें ऐसे ही एक्स-रे कराने के लिए भेज दिया. उस दौरान महिला को रक्त भी नहीं चढ़ाया गया. एक्स-रे ले जाने के दौरान ही महिला की मौत हो गई. आनन फानन में उसे इमरजेंसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इमरजेंसी में सेवा दे रहे डॉक्टर ने बताया कि चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी की ओर से बड़ी लापरवाही हुई है. इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी स्वास्थ्य कर्मी की लापरवाही है, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. चिकित्सक ने पीड़ित परिवार से आवेदन देने को कहा है. उन्होंने यह स्वीकार भी किया कि अस्पताल की ओर से बड़ी लापरवाही हुई है. इस लापरवाही की कोई माफी नहीं होनी चाहिए.







