Newshaat_Logo

निजी अस्पतालों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: खामियां उजागर करें, सरकार देगी सम्मान- स्वास्थ्य मंत्री

Pakur: स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में इतने सारे निजी अस्पताल हैं और वहां पर सबसे ज्यादा शोषण हो रहा है मगर इस पर कोई आवाज नहीं उठाता है. मंत्री ने कहा कि निजी अस्पतालों में काफी खामियां हैं लेकिन सरकारी अस्पतालों को ही निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में हो रहे शोषण और खामियों को भी दिखाएं हम उन्हें अवार्ड देंगे.
 
Dr-Irfan-Ansari-meeting

Pakur: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार प्रसार करने जा रहे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मंगलवार को पाकुड़ पहुंचे. स्वास्थ्य मंत्री ने यहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और विभाग के चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की. उन्होंने मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के भी निर्देश दिए.

केवल सरकारी अस्पतालों की खामियों को मीडिया दिखाता हैः डॉ. इरफान अंसारी

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि झारखंड के सभी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का काम हमारे कार्यकाल में हो रहा है और सभी अस्पतालों को और भी बेहतर बनाने के प्रयास किया जा रहा है. लेकिन सरकारी अस्पतालों की खामियों को ही मीडिया द्वारा दिखाया जा रहा है, जिससे डॉक्टरों का मनोबल टूट रहा है.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में इतने सारे निजी अस्पताल हैं और वहां पर सबसे ज्यादा शोषण हो रहा है मगर इस पर कोई आवाज नहीं उठाता है. मंत्री ने कहा कि निजी अस्पतालों में काफी खामियां हैं लेकिन सरकारी अस्पतालों को ही निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में हो रहे शोषण और खामियों को भी दिखाएं हम उन्हें अवार्ड देंगे.

जल्द ही नई एंबुलेंस की खरीदारी होगीः इरफान अंसारी

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि चारपाई पर मरीजों को दिखाया जा रहा है ये सब क्या है, हमें समय दीजिये हम व्यवस्था को दुरुस्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में सैकड़ों एंबुलेंस हैं जो लाखों किलोमीटर चलने के कारण खराब हैं जल्द ही नई एंबुलेंस की खरीदारी होगी जिसकी प्रक्रिया जारी है.

सरकारी अस्पतालों को हाइटेक बनाया जायेगाः स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी सिविल सर्जन को यह निर्देश दिया गया है कि कर्मियों की जो कमी है उसकी सूची उपलब्ध कराएं, जल्द बहाली की प्रक्रिया होगी. मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में पाकुड़ में ओपीडी लगाएंगे और मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे ताकि लोगों का सरकारी व्यवस्था के प्रति विश्वास जगे. डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों को हाइटेक बनाया जायेगा ताकि मरीज के अस्पताल पहुंचने पर उसे एक अच्छा माहौल मिले और बेड या डॉक्टर्स की कमी महसूस न हो.

डर के कारण मरीजों को रेफर करते हैंः डॉ. इरफान अंसारी

सदर अस्पताल से गंभीर रोगी या सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को रेफर किये जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इसके लिए हमारी जनता और कुछ राजनीतिक दलों के नेता जिम्मेदार हैं, क्योंकि जब भी कोई इस तरह का केस आता है तो दो सौ से तीन सौ लोग साथ में पहुंच जाते हैं. इससे डॉक्टर्स को लगता है कि यदि इलाज के क्रम में मरीज की स्थिति खराब हो गयी तो हमें मारेगा और इसी कारण ज्यादातर मरीज रेफर किया जाता है. ऐसे में यदि मरीज के परिजन साथ दें तो उनका इलाज उसी अस्पताल में हो जायेगा.