SIR को लेकर नई डेटशीट जारी, इस दिन आएगी अंतिम मतदाता सूची
Lohardaga: SIR को लेकर नई समय-सारणी जारी कर दी गई है.संशोधन प्रक्रिया के तहत दावों और आपत्तियों की सुनवाई 14 अक्टूबर तकहोगी. इसके बाद प्रक्रिया पूरी कर 19 अक्टूबर को अंतिम सूची जारीकी जाएगी. नई समय-सारणी के बाद SIR से जुड़ी प्रक्रिया की अगली तारीखें भी स्पष्ट हो गई हैं.

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को SIR की संशोधित समय-सारणी से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची को लेकर दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख अब बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी गई है।
15 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित अवधि के भीतर अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
इसके अलावा, ऐसे युवा जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपने नाम से संबंधित दावे या आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि आवश्यक सुधार समय पर किया जा सके।
14 अक्टूबर तक होगी दावे-आपत्तियों पर सुनवाई
SIR की संशोधित समय-सारणी के मुताबिक दावा और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटारा किया जाएगा।
इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने जिले में SIR के तहत अब तक हुई गतिविधियों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फीडबैक भी लिया। उन्होंने सभी दलों से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय और रचनात्मक सहयोग जारी रखने की अपील की।
राजनीतिक दलों से आम लोगों तक जानकारी पहुंचाने की अपील
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची, एएसडीडी सूची, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में सहयोग करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने में सुविधा होगी। साथ ही नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी।
बैठक में निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और राजनीतिक प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों के अलावा निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने SIR की संशोधित समय-सारणी और आगामी प्रक्रिया को लेकर सभी संबंधित पक्षों को आवश्यक जानकारी दी।
SIR की प्रमुख तारीखें
15 सितंबर 2026: दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि
14 अक्टूबर 2026: दावों और आपत्तियों पर सुनवाई की अंतिम तिथि
19 अक्टूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन







