Newshaat_Logo

रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगी नई Traffic Signal Light, स्मार्ट सिटी का प्रस्ताव

Ranchi: प्रस्ताव में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और अधिक ट्रैफिक वाले इलाकों में नए स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग की गई है. इसका उद्देश्य ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाना है.
 
JHARKHAND

Ranchi: रांची शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ट्रैफिक सिग्नल लाइट की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. इसको लेकर संबंधित विभाग की ओर से Ranchi Smart City Limited को औपचारिक प्रस्ताव भेजा गया है. प्रस्ताव में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और अधिक ट्रैफिक वाले इलाकों में नए स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग की गई है. इसका उद्देश्य ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाना है.

number-of-traffic-signal-lights-increased-in-ranchi

इन स्थानों पर लगेगी ट्रैफिक सिग्नल लाइट

रांची शहर में वाहनों का बोझ लगातार बढ़ रहा है. वाहनों की बढ़ती संख्या की वजह से सुचारू यातायात में भी समस्या खड़ी हो रही है और मानव बल ज्यादा लगाना पड़ रहा है. ऐसे में यातायात समस्या को देखते हुए रांची के कांटाटोली समेत 25 नए स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है.

इन सिग्नल लाइटों के लगने से शहर में यातायात नियंत्रण और अधिक प्रभावी होगा तथा लोगों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है. रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर के विभिन्न व्यस्त और दुर्घटना संभावित चौराहों का सर्वेक्षण कर नए सिग्नल लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है. यह प्रस्ताव स्मार्ट सिटी परियोजना को भेज दिया गया है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से सभी चिन्हित स्थानों पर सिग्नल लाइट लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा.

ट्रैफिक पुलिस द्वारा जिन स्थानों को चिन्हित किया गया है, उनमें कांटाटोली क्षेत्र प्रमुख है. इसके अलावा शहर के अन्य व्यस्त मार्गों और चौराहों को भी सूची में शामिल किया गया है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है. इन स्थानों पर सिग्नल नहीं होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.

अभी 40 स्थानों पर हैं सिग्नल लाइट

वर्तमान में रांची शहर में करीब 40 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगी हुई हैं, जिनके माध्यम से यातायात का संचालन किया जा रहा है, हालांकि शहर के विस्तार और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त सिग्नलों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. इसी को ध्यान में रखते हुए नए स्थानों का चयन किया गया है. वहीं, शहर के कई चौराहों में ट्रैफिक सिग्नल लाइट खराब है, जिससे मैनुअल ही ट्रैफिक कंट्रोल किया जा रहा है.

रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल लाइट बढ़ाए जाने का प्रस्ताव स्मार्ट सिटी को भेजा गया है. प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने के बाद कांटाटोली के अलावा अन्य जगहों को चिन्हित किया जाएगा, ताकि लाइट लगायी जा सके. नए ट्रैफिक सिग्नल लगने से प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी. इससे जाम की समस्या कम होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है. ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि सिग्नल व्यवस्था मजबूत होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा.