Newshaat_Logo

निशा भगत मौत मामला: आरोपियों की गिरफ्तारी तक पीछे नहीं हटेगी BJP, आंदोलन जारी रखने का ऐलान

CBI जांच के आदेश के बावजूद इस मामले को लेकर सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. BJP ने साफ कर दिया है कि जब तक मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा. पार्टी का कहना है कि सिर्फ CBI जांच का आदेश देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी जरूरी है. इस ऐलान के बाद मामले को लेकर राजनीतिक माहौल और गरमा गया है.
 
Jharkhand

Ranchi:  झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला अब राजनीतिक रूप से और गरमा गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से मामले की सीबीआई जांच के निर्देश दिए जाने की जानकारी साझा किए जाने के बावजूद भाजपा ने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि केवल सीबीआई जांच की घोषणा से न्याय सुनिश्चित नहीं होगा, बल्कि जांच की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष जारी रहेगा।

BJP ने कहा- घोषणा नहीं, कार्रवाई चाहिए

बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने राज्य सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सीबीआई जांच के निर्देश की जानकारी मिली है, लेकिन पार्टी तब तक आंदोलन वापस नहीं लेगी, जब तक जांच को लेकर आधिकारिक प्रक्रिया पूरी नहीं होती।

भाजपा ने मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी दोहराई। पार्टी ने संकेत दिया है कि आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

निशा भगत के पिता ने भी उठाई थी CBI जांच की मांग

निशा भगत की मौत के बाद से ही राज्य में विभिन्न आदिवासी संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी।

निशा भगत के पिता हांदू भगत ने भी राज्य पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीबीआई जांच कराने की अपील की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए मामले की सीबीआई जांच के निर्देश देने की जानकारी साझा की।

मौत से पहले के लाइव वीडियो को लेकर भी उठ रहे सवाल

इस मामले में निशा भगत की मौत से पहले सोशल मीडिया पर किए गए लाइव वीडियो को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। वीडियो के दौरान जिन लोगों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है, उनकी भूमिका की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर परिवार की उम्मीदें टिकी हैं।

परिवार और विभिन्न संगठनों की प्रमुख मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए।

अब आधिकारिक प्रक्रिया और जांच पर टिकी नजरें

मुख्यमंत्री की ओर से सीबीआई जांच के निर्देश की जानकारी दिए जाने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच की औपचारिक प्रक्रिया कब पूरी होती है और सीबीआई कब मामले को अपने हाथ में लेती है।

फिलहाल भाजपा ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। वहीं, निशा भगत के परिवार को न्याय मिलने का इंतजार है। इस पूरे मामले में जांच की प्रगति और संबंधित लोगों के खिलाफ होने वाली कानूनी कार्रवाई आने वाले दिनों में अहम रहने वाली है।