Movie prime

27 फरवरी और 2 मार्च को फिर मौसम की करवट! 20 जिलों में आज बारिश के आसार..झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी...

Jharkhand Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के करीब 20 जिलों में आज अच्छी बारिश हो सकती है. काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलेंगी और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं 28 फरवरी तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
 
Jharkhand

Jharkhand Weather Update: झारखंड के मौसम में इन दिनों जो उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, उसकी बड़ी वजह मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में बना साइक्नोलिक सर्कुलेशन है. रांची स्थित मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है. इसके साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के आसपास निचले स्तर पर भी चक्रवाती प्रभाव बना हुआ है.

यही कारण है कि राज्य में कहीं तेज धूप तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है. दिन में गर्मी का असर महसूस हो रहा है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है. विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, हालांकि तापमान सामान्य से 1.5 से 3 डिग्री तक ऊपर रह सकता है.

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में सबसे अधिक 28.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं चाईबासा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम था.

राजधानी रांची में अधिकतम 29.6 और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार देवघर, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के करीब 20 जिलों में आज अच्छी बारिश हो सकती है. काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलेंगी और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं 28 फरवरी तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

इस दौरान सुबह हल्की धुंध और दिन में साफ आसमान रहेगा. रांची में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 1 और 2 मार्च को भी मौसम मुख्यतः साफ रहेगा. विभाग ने फिलहाल किसी बड़े सिस्टम के सक्रिय होने से इनकार किया है.

आज तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, लेकिन अधिकांश जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री के बीच रहेगा. देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहेगा.

गढ़वा, चतरा और पलामू में अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम 12 से 13 डिग्री के आसपास रहेगा. लोहरदगा में अधिकतम 29 डिग्री रहने का अनुमान है. बोकारो 34 डिग्री के साथ सबसे गर्म रह सकता है. रांची में अधिकतम 29 और न्यूनतम 13 डिग्री रहने की संभावना है. पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है.