Newshaat_Logo

नदियों के जलस्तर बढ़ाने के लिए आदेश तो जारी, लेकिन जमीनी हकीकत अलग- देवघर में लोग अब भी पानी को परेशान

Deoghar: नियम के अनुसार हर साल पानी की कमी को पूरा करने के लिए डैम से पानी खींचा जाता था, लेकिन इस वर्ष महापौर के निर्देश के बावजूद भी पानी की कमी देखने को मिल रही है. लोगों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द टाइम से पानी नहीं छोड़ा गया तो नदी का पानी सूख जाएगा और लोगों के घरों तक पानी पहुंचना मुश्किल हो जाएगा.
 
JHARKHAND

Deoghar: किसी भी शहर में पानी की किल्लत एक बड़ी समस्या मानी जाती है. खासकर जब गर्मी का मौसम आता है तो लोग पानी के लिए बेचैन हो जाते हैं. नदियों में पानी सूख जाता है और जमीन के अंदर पानी का लेवल भी नीचे चला जाता है. इसी को देखते हुए देवघर के मेयर रवि राउत की तरफ से नदियों के जल स्तर को बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं. जिसमें यह स्पष्ट किया गया है कि नदियों के जल स्तर को बढ़ाने के लिए देवघर के पुनासी डैम से पानी की निकासी करें. नदियों में पानी के जल स्तर को बढ़ाने के लिए पुनासी परियोजना के अधिकारियों को भी महापौर रवि राउत की तरफ से निर्देश दिए गए हैं.

नदियों के जल स्तर में बढ़ोतरी नहीं हुई

महापौर रवि राउत ने बताया कि पानी की किल्लत का मुख्य कारण आम तौर पर यहीं से शुरू होता है, जब नदियों में पानी का स्तर कम हो जाता है. ऐसे में यदि गर्मी के मौसम में पानी के स्तर को मेंटेन रखा जाए तो लोगों के घरों तक भी समय-समय पर पानी पहुंचता रहेगा और भीषण जल संकट की समस्या भी उत्पन्न नहीं होगी. लेकिन जब ईटीवी भारत की टीम ने सच्चाई जानने की कोशिश की तो देखा गया कि अप्रैल महीना आने के बाद भी नदियों में पानी के जल स्तर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है.

नदियों में लगे मोटर पाइप में लीकेज

स्थानीय लोगों ने बताया कि अभी तक डैम से नदी में पानी नहीं छोड़ा गया है, जिस वजह से पानी की किल्लत शुरू हो चुकी है. पंप हाउस पर काम करने वाले कर्मचारियों ने कहा कि नदियों में बड़े-बड़े मोटर लगे हुए हैं और उसी से पानी खींचकर शहर वासियों तक पहुंचाया जाता है. उस मोटर की भी स्थिति अब खराब हो रही है. नदियों में लगे मोटर के पाइप में लीकेज आ गए हैं. जिस वजह से पाइपलाइन में पानी की मात्रा भी कम पहुंच रही है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि महापौर के द्वारा निर्देश जरूर दिया गया था लेकिन अभी तक इसको लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. कर्मचारियों ने कहा कि नदी में पानी कम होने के कारण अब मोटर भी पानी ज्यादा नहीं खींच पा रहा है.

PUNASI DAM OF DEOGHAR

नियम के अनुसार हर साल पानी की कमी को पूरा करने के लिए डैम से पानी खींचा जाता था, लेकिन इस वर्ष महापौर के निर्देश के बावजूद भी पानी की कमी देखने को मिल रही है. लोगों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द टाइम से पानी नहीं छोड़ा गया तो नदी का पानी सूख जाएगा और लोगों के घरों तक पानी पहुंचना मुश्किल हो जाएगा.

गौरतलब है कि देवघर में दो नदियों से पानी की सप्लाई पूरी की जाती है. दड़वा नदी और अजय नदी से लोगों के बीच पानी पहुंचाया जाता है. अब देखने वाली बात होगी कि इन दिनों नदियों में कब तक पानी के स्तर को बढ़ाया जाता है या फिर इस वर्ष भी लोगों की जल संकट की परेशानी हर वर्ष की तरह जारी रहेगी.