Palamu Train Accident: पलामू में मालगाड़ी के 12 डिब्बे बेपटरी, रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची
Palamu: झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को एक मालगाड़ी के 12 डिब्बे बेपटरी हो गए। यह हादसा गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेलवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है और बेपटरी हुए डिब्बों को वापस पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया गया है. रेलवे के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों तथा मौजूदा स्थिति का जायजा लिया.
रिवर्सिबल लाइन पर परिचालन बंद
मालगाड़ी के डिब्बे बेपटरी होने के बाद फिलहाल रिवर्सिबल लाइन पर रेल परिचालन बंद कर दिया गया है। हालांकि, रेलवे के अनुसार अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य है।
इस वजह से खबर लिखे जाने तक यात्री ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। हादसे का मुख्य प्रभाव मालगाड़ी के परिचालन पर पड़ा है।
धनबाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिवीजन के बॉर्डर पर हादसा
जिस स्थान पर मालगाड़ी बेपटरी हुई है, वह धनबाद रेल डिवीजन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल डिवीजन की सीमा के करीब है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल तिवारी ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, मालगाड़ी पलामू क्षेत्र से होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल डिवीजन की ओर जा रही थी। इसी दौरान मंगलवार को अचानक मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए।
मालगाड़ी को पटरी पर लाने का काम जारी
हादसे के बाद रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों की निगरानी में बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने और मालगाड़ी को दोबारा पटरी पर लाने की प्रक्रिया चल रही है।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता रेलवे की जांच के बाद ही चल सकेगा।
कुछ दिन पहले भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन के इलाके में मालगाड़ी के पटरी से उतरने की घटना सामने आई थी। लगातार मालगाड़ियों के बेपटरी होने की घटनाओं के बीच रेलवे अधिकारियों की ओर से सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता प्रभावित लाइन को जल्द से जल्द बहाल करना और मालगाड़ी के डिब्बों को सुरक्षित तरीके से पटरी पर लाना है।







