Newshaat_Logo

पुरानी रांची में आग की घटना से दहशत, तीन गाड़ियां राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका..घटना से मचा अफरा-तफरी

Ranchi: घटना पुरानी रांची स्थित घुमकड़िया भवन के पास की है. स्थानीय लोगों ने सुबह-सुबह एक वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं. देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी दो अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
 
JHARKHAND

Ranchi: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुरानी रांची में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीनों वाहन उसकी चपेट में आ गए और जलकर पूरी तरह खाक हो गए. हालांकि राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

देखते-देखते तीन गाड़ियां आग में जलकर खाक

घटना पुरानी रांची स्थित घुमकड़िया भवन के पास की है. स्थानीय लोगों ने सुबह-सुबह एक वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं. देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी दो अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों वाहन बुरी तरह जल चुके थे.

कोतवाली थाना प्रभारी सुजीत चौधरी ने बताया कि सुबह स्थानीय लोगों से वाहनों में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का काम किया गया. उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

घनी आबादी वाले इलाके में हुई घटना

थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वह घनी आबादी वाला इलाका है. घरों में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण अधिकांश लोग अपनी गाड़ियां सड़क किनारे ही खड़ी करते हैं. आग लगने की वजह से आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं, समाचार लिखे जाने तक किसी भी वाहन मालिक की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आग हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.