Newshaat_Logo

आधी रात रांची में तोड़फोड़ से दहशत, 6 से ज्यादा वाहनों के शीशे तोड़े, CCTV खंगाल रही पुलिस

Ranchi: देर रात बदमाशों ने सड़क किनारे पार्क कई वाहनों पर हमला किया. एक-एक कर कई कारों के शीशे तोड़ दिए गए और आरोपी मौके से फरार हो गए। क्षतिग्रस्त वाहनों में अलग-अलग कंपनियों की कारें शामिल हैं.
 
Jharkhand

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया. अज्ञात बदमाशों ने निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

PARKED CAR WINDOWS SmasHe IN RANCHI

सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, देर रात बदमाशों ने सड़क किनारे पार्क कई वाहनों पर हमला किया. एक-एक कर कई कारों के शीशे तोड़ दिए गए और आरोपी मौके से फरार हो गए. क्षतिग्रस्त वाहनों में अलग-अलग कंपनियों की कारें शामिल हैं.

स्थानीय निवासी इमरान की कार भी इस घटना की चपेट में आ गई. उन्होंने बताया कि रात के समय अज्ञात लोगों ने इलाके में खड़ी कई गाड़ियों को निशाना बनाया. सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो वाहनों की हालत देखकर सभी हैरान रह गए.

डीएसपी स्तर के अधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त

इस तोड़फोड़ की घटना में एक डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारी का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है. लगातार कई वाहनों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी अरुण महथा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात किसी एक व्यक्ति ने की या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है.

जल्द होगी कार्रवाई का दावा

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पहचान होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.